हरियाणा : पराली में अधजला शव मिलने से फैली सनसनी, जताई गई हत्या की आशंका

हरियाणा के कैथल के गांव क्योड़क में तब सनसनी फैल गई जब उसके पास हांसी बुटाना लिंक नहर पर एक पराली में जला हुआ शव मिला। शव आधे से ज्यादा जल चुका है। इस बारे में पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी कुलवंत सहित सीआईए 1 व 2 की टीमें और क्योड़क पुलिस चौकी प्रभारी के अलावा पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। डीएसपी कुलवंत सिंह ने कहा कि हत्या करके शव को यहां जलाया गया है। अभी पुलिस जांच कर रही है।

घटनास्थल पर अधजली हालत में शव दिख रहा है जिसकी एक टांग पूरी तरह से जल चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने हत्या करके शव को जलाते हुए सुबूत मिटाने का प्रयास किया है। पुलिस मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास के पूरे एरिया की छानबीन शुरू कर दी है।