बिहार : प्रेमी जोड़े को निर्वस्त्र कर जंजीर से बांध पीटने का पंचायती आदेश, आठ लोग गिरफ्तार

बिहार के फारबिसगंज सिटी में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां एक अनूठा पंचायती आदेश निकला जिसमें प्रेमी जोड़े को अवैध संबंध बनाने के आरोप में निर्वस्त्र कर जंजीर से बांध पीटने का आदेश दिया गया। यह घटना फारबिसगंज अनुमंडल के परवाहा गांव की है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर एसपी ने फारबिसगंज डीएसपी रामपुकार सिंह को इस मामले में कार्रवाई के आदेश दिए थे। डीएसपी ने बताया कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने विवाहिता को उसके प्रेमी के साथ पकड़े जाने के बाद बुरा सुलूक किया और पेड़ से बांधकर पिटाई की। पुलिस मामले में जांच कर कार्रवाई कर रही है। इस पूरे मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि एक शादीशुदा महिला को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया था, जिसके बाद लोगों ने दोनों को जंजीर से बांध दिया और उनके कपड़े उतरवा कर मोबाइल से वीडियो बना लिया। इसके बाद मामले में फैसले के लिए पंचायत बैठाई गई। पंचायत ने प्रेमी जोड़े को पेड़ से बांधकर पिटाई करने का आदेश दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब इस मामले में पुलिस कार्रवाई हुई है। महिला पहले से शादीशुदा बताई गई है। सिटी के एसडीपीओ आरपी सिंह ने कहा कि उन दोनों को पीटा गया और निर्वस्त्र भी किया गया। उनके रिश्तेदारों पर भी जुर्माना लगाया गया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) हृदयकांत के आदेश के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। इस मामले में अभी तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।