पंजाब : शादी के ही अगले दिन उठी युवती की अर्थी, दर्दनाक हादसे में माहौल किया गमगीन

पंजाब के जालंधर में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने सभी को हैरानी में डाल दिया। यहां एक दिन पहले ही युवती की शादी हुई थी और अगले दिन ही उसकी अर्थी उठ गई। घटना से पूरे क्षेत्र का माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का आरोप है कि लड़के वालों ने ही उनकी बेटी की हत्या की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। डीएसपी सुखपाल सिंह का कहना है कि लड़की को शादी के चंद घंटों बाद ही प्रताड़ित किया गया, मामले की जांच तेजी से जारी है।

जालंधर के इस्लामगंज की रहने वाली परमपाल कौर (20) के माता-पिता की मौत हो चुकी है। वह अपनी दादी के पास इस्लामगंज में रहती है। रविवार को उसकी शादी करतारपुर के विश्वकर्मा मार्केट के रहने वाले सुप्रीत सिंह से हुई थी। रविवार शाम सात बजे डोली विदा की गई थी। सोमवार को लड़के वालों ने फोन कर कहा कि परमपाल कौर सीधी है, इसलिए वे उसे अपने यहां नहीं रखेंगे। उन्होंने लड़की को ले जाने के लिए कहा। इसके बाद दोनों पक्षों ने पंचायत बुलाई। अभी वहां इस बारे में फैसला होना बाकी था कि सोमवार दोपहर करीब 2 बजे परमपाल की तबीयत बिगड़ गई। बेहोशी की हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शव को करतारपुर लाया गया।

इसके बाद लड़की के परिजन पुलिस थाने पहुंच गए। पुलिस शव को सिविल अस्पताल जालंधर ले आई। एसपी डी मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि पुलिस ने दूल्हे सुप्रीत सिंह, उसके पिता जरनैल सिंह, मां जसविंदर कौर, बहन नवजोत कौर व बिचौले जसविंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया है।