हरियाणा में कमजोर होने लगी कोरोना की दूसरी लहर, 70 दिन बाद मिले सबसे कम 980 नए संक्रमित

कोरोना की दूसरी लहर कमजोर होने लगी हैं जिसका कहर भी अब कम होता जा रहा हैं। हरियाणा में बीते 24 घंटों में 980 नए संक्रमित मिले जो कि 70 दिन बाद सबसे कम आंकड़ा हैं। इसी के साथ 2889 लोग ठीक भी हुए हैं। गुरुवार को 38 दिनों के बाद प्रदेश में कोरोना से सबसे कम 71 लोगों की मौत दर्ज की गई। इससे पहले 26 अप्रैल को 75 लोगों की मौत हुई थी। अहम बात यह है कि केवल सिरसा में 100 से अधिक 108 नए केस मिले है। शेष 21 जिलों में नए केसों का आंकड़ा 100 से नीचे है। अब हरियाणा में एक्टिव केस घटकर 12688 रह गए हैं।

गुरुवार को मरने वालों में गुरुग्राम में 8, सोनीपत में 3, हिसार 7, अंबाला-पंचकूला-महेंद्रगढ़-पलवल 2-2, करनाल-यमुनानगर-कैथल 3-3, पानीपत 1, रोहतक-झज्जर 5-5, कुरुक्षेत्र-फतेहाबाद-जींद 4-4, सिरसा छह भिवानी और चरखी दादरी में एक-एक कोरोना मरीज की मौत दर्ज की गई। अब तक कुल 8532 मरीजों की मौत हो चुकी है।

देश में लगातार चौथे दिन मिले 1.50 लाख से कम मरीज, 2,705 की हुई मौत

देश में नए मरीजों के मिलने की संख्या लगातार कम होती जा रही है। गुरुवार को 1 लाख 31 हजार 280 नए मरीज मिले। नए मरीजों का आंकड़ा लगातार चौथे दिन 1.50 लाख से कम रहा। इससे पहले 30 मई को 1.51 लाख लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। बीते दिन 2 लाख 5 हजार 771 मरीज ठीक भी हुए वहीं, 2,705 की मौत भी हुई है। बीते दिन एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 77,239 की कमी आई। इसमें चार दिन में ही करीब चार लाख की गिरावट दर्ज की गई है। 30 मई को कुल 20 लाख 22 हजार 45 एक्टिव केस थे, जो अब घटकर 16.31 लाख रह गए हैं।