पंजाब में मचाया कोरोना ने हाहाकार! बीते 24 घंटे में गई 31 मरीजों की जान, 7986 नए संक्रमित

पंजाब के लिए कोरोना की यह तीसरी लहर घातक साबित हो रही है जिसने कोहराम मचाते हुए बीते दिन गुरुवार को 31 मरीजों की जान ले ली। 24 घंटे में हुई कुल 31 मौतों में सबसे अधिक अमृतसर और पटियाला में 7-7 मौतें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त लुधियाना में 5, मोहाली में 4, जालंधर में 3, फाजिल्का में 2, बठिंडा, गुरदासपुर और संगरूर 1-1 मौत के मामले शामिल हैं। अब तक सूबे में 16882 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।

बीते दिन गुरुवार को 7986 नए संक्रमित मिले हैं। राज्य की संक्रमण दर 18.75 प्रतिशत दर्ज की गई है। चिंताजनक बात यह है कि सक्रिय मामलों की संख्या 47400 पहुंच गई है। 842 संक्रमितों को सांस लेने में परेशानी होने पर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। 95 की हालत गंभीर होने पर जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। सबसे ज्यादा संक्रमित मोहाली में 1360 मिले हैं।

देश में कोरोना : 3.47 लाख मिले नए संक्रमित, जबकि 701 लोगों की हुई मौत

देश में गुरुवार को 3,47,254 नए कोरोना संक्रमित मिले। इस दौरान 2.51 लाख लोग ठीक हुए, जबकि 701 लोगों की मौत हुई है। देश में पिछले 4 दिनों से रोजाना होने वाली मौतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 17 जनवरी को देश में 310 मौतें हुई थी। वहीं, 4 दिन बाद गुरुवार को यह संख्या 2 गुने से भी अधिक हो गई। फिलहाल देश में 20.12 लाख एक्टिव केस हैं। तीसरी लहर में एक्टिव केस पहली बार 20 लाख के पार पहुंचा है। कुल एक्टिव केस ने 31 दिसंबर को 1 लाख का आंकड़ा छुआ था। इस लिहाज से महज 21 दिन में कुल एक्टिव केस 20 गुना हो गए हैं।