72वां गणतंत्र दिवस: कोरोना ने बदली परेड की सूरत, बगैर चीफ गेस्ट होगी रिपब्लिक डे परेड; राफेल बनेगा शो-स्टॉपर

भारत आज अपना 72वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। कुछ ही देर में राजपथ पर रिपब्लिक डे की परेड भी शुरू हो जाएगी। कोरोना के चलते इस बार परेड की सूरत बदली-बदली नजर आएगी। 55 साल में पहली बार ऐसा होगा जब रिपब्लिक डे परेड में कोई चीफ गेस्ट शामिल नहीं हो रहा है। इससे पहले भारत में 1952, 1953 और 1966 में भी गणतंत्र दिवस परेड में कोई चीफ गेस्ट शामिल नहीं हुआ था।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य केंद्रीय मंत्रियों, राहुल गांधी और अन्य देश के नेताओं ने लोगों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी है।

इस बार गणतंत्र दिवस परेड का ‘शो-स्टॉपर’ होगा राफेल लड़ाकू विमान। राफेल लड़ाकू विमान पहली बार गणंतत्र दिवस परेड की फ्लाई-पास्ट में तो दिखाई देगा ही, परेड का समापन भी आसमान में राफेल की वर्टिकल-चार्ली मैन्युवर से होगा। पिछले कई सालों से सुखोई विमानों के मैन्युवर से परेड का समापन होता था, लेकिन अब ये जगह राफेल ने ले ली है। यानी इस बार परेड का शो-स्टॉपर राफेल ही होगा। राफेल लड़ाकू विमानों की उड़ान के साथ टी-90 टैंकों, समविजय इलेक्ट्रॉनिक युद्धक प्रणाली, सुखोई-30 एमके आई लड़ाकू विमानों समेत अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करेगा।

परेड में शामिल होने वाली झांकियों की संख्या 70 से घटाकर 32 कर दी गई हैं। इनमें 17 झांकियां राज्य और केंद्र शासित राज्यों की होंगी। 9 झांकियां अलग-अलग मंत्रालयों की होंगी। 6 झांकियां सुरक्षाबलों की होंगी।

पहले परेड 8.2 किमी लंबी होती थी। विजय चौक से लालकिले तक जाती थी। इस बार 3.3 किमी लंबी होगी। विजय चौक से नेशनल स्टेडियम तक ही जाएगी।