मध्यप्रदेश में विस्फोट कर रहा कोरोना, बीते दिन मिले 124 केस, हॉटस्पॉट बन चुका इंदौर

कोरोना एक बार फिर अपने पैर पसारने लगा हैं और इसका कहर फिर से देखने को मिल रहा हैं। बीते दिन शुक्रवार को प्रदेश में 124 केस मिले हैं। जून के बाद पहली बार प्रदेश में पहली बार 100 से ज्यादा केस निकले हैं। शुक्रवार को मिले संक्रमितों में से 62 नए मरीज तो सिर्फ इंदौर से मिले हैं। इंदौर कोरोना का हॉटस्पॉट बनता नजर आ रहा हैं। शहर में कुल मरीजों की संख्या अब 153791 हो गई है, जबकि ओमिक्रॉन वैरिएंट की अब तक नौ मरीजों में पुष्टि हुई है। जिले में एक्टिव मरीज अब 283 हो गए हैं। अब तक 152113 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। रिकवरी रेट 98.9 प्रतिशत है।

भोपाल में 27 केस मिले हैं। रतलाम में भी दो कोरोना संक्रमित मिले हैं। 21 वर्षीय युवक और 52 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यहां एक्टिव मरीज 5 हो गए हैं। उज्जैन में 6 नए केस आए हैं। मुनि नगर में रहने वाले 32 और 29 साल के पति-पत्नी जयपुर और दूसरे शहरों से लौटने के बाद संक्रमित पाए गए हैं। एक 77 साल के बुजुर्ग हैं। कुछ दिन पहले दुबई से लौटी मरीज के पिता हैं। महानंदा नगर की दो युवतियां और दादा भाई नोरोजी मार्ग पर रहने वाला युवक संक्रमित मिला है। सभी सामान्य हैं। किसी की भी स्थिति गंभीर नहीं है।

छिंदवाड़ा के परासिया में नागपुर से लौटे 69 साल के बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनके संपर्क में आए परिवार के 4 सदस्य और काम करने वाली महिला को क्वारेंटाइन कर दिया गया है। बुजुर्ग को सर्दी-जुकाम था। स्थिति सामान्य है। दोनों डोज लग चुके हैं। ग्वालियर में 3 केस आए हैं। बाकी दूसरे जिलों से हैं।