Russia-Ukraine War: यूक्रेन के चेरनीहिव में घर पर गिरा 500 किलो का विशालकाय रूसी बम

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का आज 12वां दिन है। यूक्रेन की राजधानी कीव पर युद्ध का संकट और गहराता जा रहा है। रूसी सेना ने कीव को चारों तरफ से घेर रखा है। युद्ध के बीच यूक्रेन के विदेश मंत्री का दर्द ट्विटर पर छलका है।

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्री कलेवा ने ट्विटर पर एक विशालकाय बम की तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा कि इस तरह के बम उनके देश के लोगों की जान ले रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने यूक्रेन को लड़ाकू विमान देने की अपील भी की।

दिमित्री कलेवा ने ट्विटर पर तस्वीर के साथ लिखा, 'यह भीषण 500 किलोग्राम का रूसी बम चेरनीहिव में एक घर पर गिरा है। लेकिन यह फटा नहीं। जबकि कई बम फट चुके हैं, जो निर्दोष पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की जान ले रहे हैं। हमें और हमारे लोगों को रूसी बर्बरता से बचाने के लिए हमारी मदद करो! हमारे हवाई क्षेत्र को बंद करने में हमारी मदद करो। हमें लड़ाकू विमान दो। कुछ करो!'