रुसः साइबेरिया के एक मॉल में लगी भयंकर आग, 37 की मौत, करीब 69 लोग लापता

रूस के साइबेरिया शहर केमरोफो के विंटर चेरी शॉपिंग मॉल में भीषण आग लग गई है। जिसमें 37 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं अभी करीब 69 लोग लापता बताए जा रहे हैं। इनमें ज्यादा संख्या बच्चों की है। कुछ लोगों के मॉल में फंसे होने की भी खबर है।

रूस की लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आग शॉपिंग मॉल में स्थित मनोरंजन सेक्शन के पास से फैली थी जहां बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद थे। आग लगने की वजह अभी तक सामने नहीं आई हैं। और ना ही आग लगने के कारणों पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान आया सामने आया है। चश्मदीदों के मुताबिक मॉल में किसी भी तरह का कोई फायर अलार्म मौजूद नहीं था जिसके चलते कई लोग मॉल में फंस गए और मारे गए।

चौथी मंजिल पर लगी भयानक आग के बाद बहुत से लोगों को खिड़कियों से कूदकर जान बचाते हुए देखा गया। केमरोफो शहर का ये विंटर चेरी मॉल रुस की राजधानी से करीब 3600 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। आग बुझाने के लिए लगभग 200 से अधिक फायरब्रिगेड कर्मी मौजूद हैं। मॉल के एक हिस्से में मौजूद जू में लगभग 200 जानवर थे। वह किस परिस्थिति में हैं इसकी कोई खबर नहीं है। बताया जा रहा है कि चौथे माले पर लोगों की संख्या इसलिए भी ज्यादा थी क्योंकि वहां सिनेमाहॉल और मनोरंजन के आन्य सुविधाएं हैं। फिलहाल पुलिस लोगों की मदद कर रही है।