UP में आई Zydus Cadila वैक्सीन, मुफ्त में लगेगा बिना सुई वाला टीका

कोरोना के वैरिएंट ओमीक्रॉन के बढ़ते खतरे के बीच उत्तर प्रदेश में जायडस कैडिला कंपनी (Zydus Cadila Company) का कोविड टीका जल्द उपलब्ध होने जा रहा है। इस वैक्सीन को भी पूरी तरह से मुफ्त लगाया जाएगा।

अभी यूपी में तीन तरह की कोरोना वैक्सीन लोगों को लगाई जा रही है। इसमें कोवैक्सीन, कोविशील्ड और स्पूतनिक शामिल है। सरकारी अस्पतालों में कोवैक्सीन और कोविशील्ड की भांति जायडस वैक्सीन भी मुफ्त लगाई जाएगी। जायडस तीन डोज वाली वैक्सीन है जिसे 28 28 दिन के अंतराल पर लगाया जाएगा।

33 लाख डोज का किया आर्डर

टीकाकरण एवं मातृ स्वास्थ्य के महाप्रबंधक डॉ मनोज शुक्ल के मुताबिक 11 लाख लोगों के लिए जायडस कैडिला कंपनी की 33 लाख डोज उपलब्ध होने जा रही हैं। इस टीका को तीन डोज में लगाया जाएगा। जो 28 दिन के अंतराल पर लगवाना होगा। यानि पहली डोज के 28 दिन बाद दूसरी डोज लगेगी। तीसरी डोज फिर 28 दिन बाद लगवानी होगी। यह टीका 18 वर्ष से अधिक की उम्र वालों के लिए ही उपलब्ध होगा।

डॉ मनोज शुक्ल ने बताया कि प्राथमिक चरण में 14 जिलों में जायडस कैडिला कंपनी का टीका उपलब्ध होगा। इसमें लखनऊ, आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, कानपुर नगर, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर और वाराणसी शामिल हैं।

वैक्सीन लगाते समय नहीं होगा दर्द

वैक्सीन सिरिंज की बजाय नीडल फ्री एप्लीकेटर के जरिए दी जाएगी। एप्लीकेटर का नाम फार्माजेट है। इससे वैक्सीन लगने में दर्द नहीं होता। मरीज को सुई भी नहीं चुभेगी। इसका शरीर पर कोई दुष्प्रभाव भी नहीं है। वहीं कंपनी का दावा है कि जायडस कैडिला की कोरोना वैक्सीन जायकोव-डी करीब 25 डिग्री के तापमान पर तीन माह तक टिक सकती है। इसे लाने-ले जाने और रख-रखाव में आसानी होगी।