काबुल ब्लास्ट में तालिबान का भी हुआ नुकसान, 28 लड़ाकों की मौत

अफगानिस्तान (Afghanistan) की राजधानी काबुल के हामिद करजई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Hamid Karzai International Airport) के ठीक सामने गुरुवार शाम हुए दो फिदायीन हमलों में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है वहीं, करीब 200 लोग इस हमले में घायल हुए है। इस बीच खबर आ रही है कि इस हमले में तालिबान को भी नुकसान उठाना पड़ा है। न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट में दावा किया है कि इस हमले में 28 तालिबान लड़ाकों की भी मौत हुई है। तालिबान ने भी इसकी पुष्टि कर दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ये लड़ाके काबुल एयरपोर्ट के बाहर तैनात थे। तालिबान का कहना है कि इन धमाकों में हमने अमेरिका से ज्यादा लोगों को गंवाया है।

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, आतंकी संगठन ISIS के खुरासान ग्रुप (The Islamic State Khorasan Province) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के जनरल कैनेथ मैकेंजी ने कहा है कि मरने वालों में 13 मरीन कमांडो शामिल हैं, जबकि 15 घायल हैं।