राजधानी दिल्ली में संक्रमण के साथ घटने लगा मौतों का आंकड़ा, 63 दिन बाद हुई सबसे कम मौतें

कोरोना की दूसरी लहर अ शांत हो चुकी हैं जिसकी वजह से दिल्ली में संक्रमण के मामलों में काफी कमी आई हैं। लेकिन अब संक्रमितो के साथ ही मौतों का आंकड़ा भी कम होने लगा हैं। पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 238 मामले आए हैं और 24 लोगों की मृत्यु हो गई। शुक्रवार को 63 दिन बाद सबसे कम मौतें हुई हैं। इससे पहले 08 अप्रैल को भी 24 लोगों ने दम तोड़ा था। उसके बाद से यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा था। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को 504 रोगी स्वस्थ हुए। इस दिन की संक्रमण दर घटकर 0.31 हो गई है। यानी, एक हजार जांच पर तीन व्यक्ति ही पॉजिटिव मिल रहे हैं।

दिल्ली में अब कुल संक्रमितों की संख्या 14,30,671 हो गई हैं। इनमें से 14,01,977 स्वस्थ हो चुके हैं। रिकवरी दर 98 फीसदी है। संक्रमण से अबतक कुल 24,772 मौतें हो गई हैं। मृत्युदर 1.73 फीसदी है। सक्रिय मरीज 3922 रह गए हैं। इनमें से 2235 अस्पतालों में भर्ती हैं। कोविड केयर सेंटर में 116 और कोविड स्वास्थ्य केंद्र में 95 रोगी हैं। होम आइसोलेशन में 1238 मरीजों का उपचार चल रहा है। विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 77,112 टेस्ट हुए। आरटीपीसीआर से 56,000 और रैपिड एंटीजन से 21,112 टेस्ट हुए। अभी तक 2 करोड़ 11 हजार नमूनों की जांच हो चुकी हैं। घटते मामलों के साथ हॉटस्पॉट की संख्या घटकर 8032 हो गई है।

देश में कोरोना : 71 दिनों में सबसे कम रहा नए संक्रमितों का आंकड़ा, हुई 3996 की मौत

देश में शुक्रवार को 84,522 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 3,996 लोगों की संक्रमण की वजह से मौत हुई। राहत की बात यह रही कि पिछले 24 घंटे में 1 लाख 22 हजार 592 लोगों ने कोरोना को मात दी। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे लोगों की संख्या में 42,085 की कमी रिकॉर्ड की गई। नए संक्रमितों का आंकड़ा पिछले 71 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 1 अप्रैल को 81,398 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई थी।