छत्तीसगढ़: मछली पकड़ने गए 2 लोगों की करंट लगने से मौत

छत्तीसगढ़ के महासमुंद में करंट लगने से 2 लोगों की मौत हो गई। दोनों नाले में मछली पकड़ने के मकसद से पहुंचे थे। जैसे ही एक शख्स ने नाले में जाकर जाल बिछाने लगा तो वह करंट की चपेट में आ गया और छटपटाने लगा। उसे देख दूसरा शख्स जब उसे बचाने गया तो उसे भी करंट ने अपने चपेट में ले लिया। दोनों की पानी के अंदर ही मौत हो गई। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक पतेरापाली गांव में रहने वाले साखूराम ध्रुव(60), जीवराज ध्रुव(55), शंकरलाल गाढ़ा, मोहन लाल सावरा और कन्हैया यादव मनरेगा में काम करने के बाद गांव से सटे सितली नाला में मछली पकड़ने गए थे। वो अभी नाले के बाहर खड़े ही थे कि सबसे पहले साखूराम पानी में चला गया। अंदर जाकर वह मछली पकड़ने के लिए जाल बिछाने लगा। इधर, इनमें से किसी को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वहीं पर खेत में पानी पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने पंप लगा रखा था। वह पंप चालू है। जिसका तार पानी में छू रहा था। बताया गया कि साखूराम जैसे ही अंदर जाकर नाले में जाल बिछा रहा था तभी वह तार की चपेट में आ गया। ये देखकर उसका साथी जीवराज भी उसे बचाने के लिए कूद गया। मगर वह भी उस करंट की चपेट में आ गया। अन्य तीन लोग बाहर खड़े देखते ही रह गए। देखते ही देखते दोनों की मौत हो गई।

घटना के बाद आनन-फानन में पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने पंप को बंद किया। सूचना पाते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शवों को पानी से निकाला और शवों को पोस्ममॉर्टम के लिए भेज दिया। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।