चंडीगढ़ : नोक-झोंक इतनी बड़ी कि अपनी चचेरी बहन के सिर में ही दाग दी बंदूक से गोली

भाई-बहिन के बीच नोक-झोंक आम बात हैं। लेकिन पटियाला के कस्बा सन्नौर के गांव बोलड़ कलां में इस नोक-झोंक ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि सोमवार दोपहर एक युवक ने अपनी चचेरी बहन के सिर में दो गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। थाना सन्नौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्जकर तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी एएसआई कर्मजीत सिंह ने बताया कि बोलड़ कलां निवासी बलविंदर सिंह के चार लड़कियां हैं।

सबसे बड़ी लड़की हरनीत कौर (19) ज्यादातर अपने साथ लगते घर में रहने वाले ताया जरनैल सिंह के यहां रहती थी। उसकी इसी महीने की 28 तारीख को शादी थी। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हरनीत कौर अपने ताया के घर थी। वह फोन पर किसी से बात कर रही थी। ताया के बड़े लड़के गुरिंदर सिंह ने उसे फोन पर बात करने से रोका। इसी बात को लेकर दोनों में नोक-झोंक हो गई और गुस्से में आए ताया के लड़के गुरिंदर सिंह ने पिस्तौल से हरनीत कौर पर दो फायर कर दिए।

दोनों गोलियां उसके सिर में लगीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी के मुताबिक पहले भी कई बार दोनों में इसी बात को लेकर तकरार हो चुकी है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। आरोपी गुरिंदर सिंह के खिलाफ हत्या व असलाह एक्ट के तहत केस दर्जकर लिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द काबू कर लिया जाएगा।