हरियाणा : रिकवरी दर बढ़कर 98.51 फीसदी पर पहुंची, मिले 174 नए पॉजिटिव, गई 19 की जान

हरियाणा में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा जरूर कम हो रहा लेकिन अभी भी मौतों का आंकड़ा चिंता का कारण बना हुआ हैं। बुधवार को प्रदेश में कोरोना से 19 मरीजों की मौत हो गई, जबकि 174 नए केस सामने आए हैं। हरियाणा में एक दिन की संक्रमण दर घटकर 0.57 रही। बुधवार को 195 मरीज रिकवर हुए हैं जिसके बाद रिकवरी दर बढ़कर 98.51 फीसदी पहुंच गई है। बुधवार को 19 लोगों ने कोरोना को मात दी हैं जिसके बाद सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 2160 हो गई है। राहत की बात यह है कि प्रदेश के किसी भी जिले में 27 से अधिक नए केस नहीं है।

किसी भी जिले में दो से अधिक मरीजों की मौत नहीं हुई है। गुरुग्राम, हिसार, पानीपत में 2-2, अंबाला, करनाल, रोहतक, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, झज्जर, फतेहाबाद, कैथल, जींद और चरखी दादरी में 1-1 मरीज की मौत हुई है।

80 लाख से अधिक का हुआ टीकाकरण

प्रदेश में अब तक 80 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण हो चुका है। पिछले दो दिनों में मेगा ड्राइव के बाद इसमें तेजी आई है। बुधवार को 49049 ने पहली और 11740 ने दूसरी डोज का टीका लगवाया है। सबसे अधिक गुरुग्राम में 12 लाख से अधिक और फरीदाबाद में 8 लाख के करीब लोगों को टीका लगाया जा चुका है।

देश में सिर्फ 5 राज्य जहां इलाज करा रहे मरीजों का आंकड़ा 50 हजार से ज्यादा

देश में बुधवार को 54,286 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 69,130 लोगों ने वायरस को मात दी और 1323 लोगों की संक्रमण की वजह से जान भी गई। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 16,183 की कमी हुई। देश में एक्टिव केस लगातार कम हो रहे हैं। अब सिर्फ 5 राज्य ऐसे हैं, जहां इलाज करा रहे मरीजों का आंकड़ा 50 हजार से ज्यादा है। इनमें महाराष्ट्र (1.21 लाख), कर्नाटक (1.16 लाख), केरल (99,389), तमिलनाडु (52,884) और आंध्र प्रदेश (51,204) शामिल हैं।