समय से छह महीने पहले ही 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लेगी हरियाणा सरकार, हर घर जल राज्य बनने से सिर्फ 157 कनेक्शन दूर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर जल के लिए जो लक्ष्य दिया था, उसे पूरा करने के लिए जल जीवन मिशन की टीम राज्यों के साथ मिलकर तेजी से काम कर रही है। इसमें हरियाणा सरकार ने मार्च 2022 तक हर घर नल से जल का लक्ष्य रखा था, लेकिन 6 माह पूर्व ही इसे पूरा करने जा रही है। हरियाणा हर घर जल राज्य बनने से केवल 157 कनेक्शन दूर हैं। प्रदेश सरकार जल्द 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लेगी। हरियाणा के लोगों के लिए यह खबर गर्व करने वाली है।

राज्य के 22 में से 21 जिले पहले ही हर घर जल के लक्ष्य को हासिल कर चुके हैं। मेवात में मात्र 157 नल कनेक्शन और उससे जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने का काम चल रहा है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल व प्रदेश सरकार को इसके लिए बधाई दी है। शेखावत ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत गोवा, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार, पुडुचेरी, दादर नगर हवेली एवं दमन दीव ने हर घर जल राज्य, केंद्र शासित प्रदेश बनने की उपलब्धि पहले ही हासिल कर ली है। जल्द हरियाणा इस सूची में शामिल हो जाएगा।