हिमाचल : मिले 1563 नए संक्रमित, गई एक मरीज की जान, स्थगित की गई इग्नू की परीक्षाएं

हिमाचल में कोरोना का कहर जारी हैं जहां कई नेताओं को भी कोरोना ने अपनी चपेट में लिया हैं। प्रदेश में आज 1563 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीँ जिला सोलन के 35 वर्षीय युवक ने दम तोड़ दिया है। संक्रमितों में शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन, दलाई लामा मंदिर मैक्लोडगंज के सात कर्मचाकर्मचारी भी शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के चेयरमैन अजय शर्मा के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। प्रदेश में शुक्रवार को 10,040 लोगों की सैंपलिंग हुई है।

प्रदेश में मौत का आंकड़ा 3872 पहुंच गया है। जिला शिमला में सबसे ज्यादा 375 लोग पाजिटिव हुए हैं। सोलन में 330 जबकि कांगड़ा में 220 लोग संक्रमित हुए हैं। एसपी कांगड़ा और 11 पर्यटक भी पॉजिटिव पाए गए हैं। जिला चंबा में 35 एमबीबीएस प्रशिक्षुओं सहित 83 लोग संक्रमित पाए गए हैं।

शिमला जिले में 71 पुलिस कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव

सैलानियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रण में जुटे शिमला जिला पुलिस के 71 जवान कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। एक हफ्ते के भीतर जिले में 680 पुलिस जवानों के टेस्ट किए गए। इनमें ये जवान पॉजिटिव निकले। इन्हें फिलहाल होम आइसोलेट कर दिया गया है। एसपी शिमला मोनिका भुटुंगुरू ने कहा कि सभी को एहतियात बरतने की जरूरत है। पुलिस कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव आ रहे हैं।

कोरोना के चलते इग्नू की परीक्षाएं स्थगित

इग्नू ने 20 जनवरी होने वाली परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इन परीक्षाओं की नई अधिसूचना परीक्षा प्रारंभ होने से 15 दिन पहले विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।