पेन ड्राइव निगलने वाला यह मामला शायद ही आपने पहले पढ़ा होगा

बच्चों के बटन निगलने, खिलौने, पिनें आदि निगलने की खबरें पहले भी कई बार आई हैं, लेकिन शायद आपने कभी पेन ड्राइव निगलने का यह पहला मामला नहीं सुना होगा। पेन ड्राइव निगलने की घटना बापूनगर में रहने वाले एक 15 वर्षीय लड़के के साथ हो गई नौवीं क्लास में पढ़ने वाले इस लड़के ने गलती से पेन ड्राइव निगल ली और 5 दिनों तक इस बारे में अपने पैरंट्स को नहीं बताया।वह पेन ड्राइव पर लगे टेप को दांतों से निकालने की कोशिश कर रहा था कि अचानक वह पेन ड्राइव ही निगल गया। लड़के को अस्पताल में ऐडमिट किया गया और डॉक्टरों ने उसके शरीर से पेन ड्राइव निकालकर उसकी जान बचाई।

लड़के के पिता दिलीप पटेल ने कहा, 'मेरे बेटा सेलो टेप निकालने की कोशिश कर रहा था और गलती से पेन ड्राइव निगल गया। इसके बाद उसने अपनी मां से पूछा कि क्या होगा अगर वह पेन ड्राइव निगल जाए, लेकिन उसने यह नहीं बताया कि उसने ऐसा कर लिया है। कुछ दिनों बाद उसने बताया कि वह पेन ड्राइव निगल गया है। हम बेटे को केले खिलाते गए ताकि प्राकृतिक तरीके से डिवाइस बाहर आ जाए, लेकिन कुछ नहीं हुआ और अगले दिन उसे अस्पताल ले गए जहां एक्स-रे किया गया और पता चला कि पेन ड्राइव उसके पेट में है।'

मल्टि स्पेशैलिटी अस्पताल में डॉक्टर श्रवण बोहरा ने कहा, 'डिवाइस के किनारे बहुत नुकीले थे, मरीज खुशकिस्मत था कि फूड पाइप या किसी अन्य अंग को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।' सर्जरी कर पेट से पेन ड्राइव निकाल दी गई और अगले ही दिन लड़के को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। डॉक्टर ने कहा कि शुक्र है डिवाइस आंतों तक नहीं पहुंचा था।