हरियाणा : कोरोना जेल से फरार हुए 13 खूंखार कैदी, ग्रिल काट बनाई चादर की रस्सी

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहाँ शनिवार रात को कोरोना जेल से 13 खूंखार कैदी फरार हो गए। इसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीमें जिलेभर में फरार बंदियों की खोजबीन में जुटी है। आसपास के गांवों में भी सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बताया जा रही है कि ये सभी कैदी कोरोना पॉजिटिव हैं। सुबह बंदियों की गिनती होने लगी तो मामले की जानकारी मिली। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी अभिषेक जोरवाल खुद मौके पर पहुंचकर पूरी जानकारी जुटा रहे हैं।

बता दें कि जिला के गांव फिदेड़ी में नई जेल बनाई गई है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए फिदेड़ी जेल को करीब सप्ताहभर पूर्व प्रदेश की कोविड जेल बना दिया गया था। इस जेल में प्रदेशभर की जेलों से शिफ्ट करके करीब 450 कोविड संक्रमित बंदियों को रखा गया है। शनिवार रात को एक ही बैरक में बंद 13 बंदी ग्रिल काटकर बाहर निकल आए और चादर की रस्सी बनाकर जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए। फरार सभी बंदी संगीन धाराओं के तहत बंद थे। सुबह बंदियों की गिनती करने के दौरान 13 बंदी फरार होने की जानकारी सामने आई।