उत्तरप्रदेश : चार युवकों ने 12 साल की बच्ची से किया गैंगरेप, भाई ने पीछा किया तो उसे भी बनाया बंधक

उत्तर प्रदेश में बढ़ती दुष्कर्म की घटनाएं आमजन की चिंता बढ़ा रही हैं और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। अब हापुड़ से एक गैंगरेप का मामला सामने आया हैं जिसमें चार युवकों ने 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और लड़की के भाई ने उनका पीछा किया तो उसे भी बंधक बना लिया। मामले में पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर दी जिसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज की। SP हापुड़ नीरज जादौन ने बताया कि थाना गढ़मुक्तेश्वर में एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसकी बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है। बच्ची का मेडिकल कराया गया। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दो नामजद अभियुक्तों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

यह मामला थाना गढ़मुक्तेश्वर का है। एक गांव निवासी महिला शनिवार दोपहर 1 बजे अपनी 12 साल की पोती के साथ जंगल में लकड़ी काटने जा रही थी। दादी आगे चल रही थी, जबकि पोती पीछे चल रही थी। इसी दौरान अचानक बच्ची पीछे से लापता हो गई। करीब आधे घंटे तक महिला अपनी पोती को खोजती रही। इसी दौरान बालिका का भाई भी जंगल पहुंच गया। उसने खेत में कुछ युवकों को भागते हुए देखा, जबकि बहन बेहोश पड़ी थी।

इसके बाद नाबालिग का भाई भाग रहे युवकों का पीछा करते हुए उनके गांव पहुंच गया। आरोप है कि नाबालिग के भाई पर पंचायत के फैसले का दबाव बनाकर उसे तीन घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। भाई को डरा धमकाकर सुलह का दबाव बनाया गया। इसके अलावा पैसे का भी लालच दिया गया। परिवार रात को 9 बजे थाने पहुंचा और चार युवकों के खिलाफ तहरीर दी।