दिल्ली : 96 दिन बाद हुई सबसे कम मौतें, एक हजार जांच पर एक ही व्यक्ति पॉजिटिव

कोरोना की रफ्तार सुस्त पड़ती जा रही हैं और राहत दिलाने वाले आंकड़े सामने आ रहे हैं। बीते 24 घंटों में 115 नए मामले आए और चार लोगों की मौत हुई। 96 दिन बाद यह दैनिक मौतें की सबसे कम संख्या है। इससे पहले 21 मार्च को एक व्यक्ति ने जान गंवाई थी। उसके बाद यह आंकड़ा चार और इससे ज्यादा ही रहा। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 198 मरीज स्वस्थ हुए। फिलहाल 1680 सक्रिय मामले हैं। इनमें से अस्पतालों में 1044 रोगी भर्ती हैं। होम आइसोलेशन में 503 मरीजों का इलाज चल रहा है। कोविड केयर केंद्रों में 12 और कोविड स्वास्थ्य केंद्रों में छह रोगी हैं।

विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 77,477 जांच की गई। कुल जांच में आरटीपीसीआर प्रणाली से 54,739 और रैपिड एंटीजन से 22,738 टेस्ट हुए। इस दिन 0.15 प्रतिशत सैंपल संक्रमित मिले, यानी अब एक हजार जांच पर एक ही व्यक्ति पॉजिटिव मिल रहा है। दिल्ली में अभी तक 2 करोड़ 11 लाख नमूनों की जांच हो चुकी हैं। कंटेनमेंट जोन की संख्या घटकर 2048 रह गई है।

देश में कोरोना : 10 राज्यों में संक्रमण दर अब भी 5% से ज्यादा, 1182 लोगों की हुई मौत

देश में शुक्रवार को कोरोना के 48,618 नए संक्रमितों की पहचान हुई। इस दौरान 64,524 लोगों ने कोरोना को मात दी लेकिन 1182 लोगों की मौत हो गई। वहीं एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे संक्रमितों की संख्या में 17,101 की कमी रिकॉर्ड की गई है। देश में कोरोना के काबू होते हालात के बीच चिंता की बात यह है कि 10 राज्यों में अब भी संक्रमण दर 5% से ज्यादा बनी हुई है। यानी इन राज्यों में अब भी हर 100 टेस्ट पर 5 से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। इनमें सिक्किम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, केरल, नगालैंड, गोवा, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं।