MP में 11 हजार के पार गया बीते दिन संक्रमितो का आंकड़ा, 5 मौतें जिसमें एक पांच महीने की नवजात शामिल

कोरोना अपना कहर बरपाता जा रहा हैं और इसका प्रसार आंकड़ों में नजर आ रहा हैं। बीते दिन संक्रमितों का आंकड़ा 13 फीसदी पॉजिटिविटी रेट के साथ 11 हजार को पार कर गया। बीते दिन प्रदेश में 11274 नए पॉजिटिव केस मिले। एक्टिव केस बढ़कर 61388 हो गए। तीसरी लहर में भले कम मरीजों को अस्पताल जाने की जरूरत पड़ रही हो लेकिन बढ़ता संक्रमण अब जानें ले रहा है। मध्यप्रदेश में कोरोना से एक दिन में 5 मौतें रिपोर्ट हुई हैं। इनमें 5 महीने की नवजात भी शामिल है।

इंदौर में 3169 नए संक्रमित मिले। भोपाल में 2107 नए केस मिले। ये तीनों लहरों का एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। ग्वालियर में 730 संक्रमित मिले हैं। ग्वालियर में 5 दिन की नवजात की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। जबलपुर में 740 नए केस सामने आए।

सागर विधायक शैलेंद्र जैन संक्रमित आए हैं। पॉजिटिव आने से पहले विधायक नगर मंडल की बैठक में शामिल होने के लिए रामपुरा वार्ड और शुक्रवारी वार्ड पहुंचे थे। यहां वह मंडल के कार्यकर्ताओं से मिले थे। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर संक्रमित आने की जानकारी देते हुए संपर्क में आने वालों से जांच कराने के लिए कहा।

देश में कोरोना : 3.35 लाख नए केस के साथ 21 लाख के पार हुए कोरोना एक्टिव केस, 482 मौतें

देश में शुक्रवार को 3 लाख 35 हजार 393 नए कोरोना संक्रमित मिले। इस दौरान 2.41 लाख लोग ठीक हुए, जबकि 482 लोगों की मौत हुई है। वहीं, पिछले दिन के मुकाबले नए संक्रमित 3.41% कम हुए हैं। फिलहाल देश में 21.05 लाख एक्टिव केस हैं। तीसरी लहर में कुल एक्टिव केस का आंकड़ा पहली बार 21 लाख के पार पहुंचा है। महज 22 दिन में कुल एक्टिव केस 21 गुना हो गए हैं।