राजस्थान : कल कार्य का बहिष्कार करेंगे एंबुलेंसकर्मी, बंद रहेंगी 108 और 104 एंबुलेंस सेवा

बीते काफी समय से एंबुलेंसकर्मी राजस्थान सरकार से नाराज चल रहे हैं और अपनी कुछ मांगों को लेकर 24 फरवरी को राजधानी जयपुर के बाइस गोदाम पर धरना देंगे। इसको लेकर राजस्थान एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन ने सोमवार शाम को 23 फरवरी को रात 8 बजे से 108 और 104 एंबुलेंस सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए बंद करने की घोषणा की है। प्रदेशाध्यक्ष शेखावत ने बताया कि 12 फरवरी को एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई थी। जिसमें तय किया गया था कि 22 फरवरी तक कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 23 फरवरी को पूरे प्रदेश में एंबुलेंस सेवा बंद कर दी जाएगी। इसके लिए मिशन निदेशक नरेश ठकराल को चेतावनी पत्र भी दिया गया। उनके साथ मीटिंग भी की गई। लेकिन एंबुलेंस कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं हुआ।

यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि एंबुलेंस कर्मचारियों का 20 परसेंट बढ़ा हुआ वेतन का एरियर दिलवाने व ड्यूटी का समय 8 घंटे लागू करवाने के लिए पिछले लंबे समय से मांग की जा रही है। एंबुलेंस कर्मचारी अपनी मांगों का समाधान करवाने के लिए गत 2 फरवरी को मिशन निदेशक नरेश कुमार ठकराल व परियोजना निदेशक अनिल पालीवाल (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) के माध्यम से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा से मिले थे। तब कर्मचारियों की मांगे जल्द पूरी करने का आश्वासन मिला। लेकिन समाधान नहीं हुआ।