कोरोना वैक्सीनेशन में देश को मिलने वाली है बड़ी उपलब्धि, दो महीने में लग जाएगी सभी वयस्कों को पहली खुराक!

कोरोना से जंग में जीत पाने के लिए ज्यादा से ज्यादा वैक्सीनेशन होना जरूरी हैं। ऐसे में सरकार हर दिन रिकॉर्ड वैक्सीनेशन कर सफलता की ओर कदम बढ़ा रही हैं। देश की आबादी में कुल टीकाकरण 75 करोड़ पार हो चुका है। वहीँ, अगले दो महीने में देश सभी वयस्कों को वैक्सीन की पहली खुराक लगाने की बड़ी उपलब्धि भी हासिल कर लेगा।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कुल व्यस्कों की आबादी 94 करोड़ है, जिनमें से 57 करोड़ से भी अधिक लोग वैक्सीन की पहली खुराक ले चुके हैं। मंत्रालय को उम्मीद है कि इसी माह के अंत तक यह संख्या 60 से 62 करोड़ पार हो सकती है। वहीं आगामी अक्टूबर माह में 80 करोड़ से अधिक वयस्कों को वैक्सीन की कम से कम एक खुराक मिल जाएगी।

गुजरात में उत्पादन शुरू होने के बाद देश में कोवाक्सिन की आपूर्ति में सुधार देखने को मिल रहा है। राज्यों के पास कोवाक्सिन का भंडारण बढ़ने लगा है। मंगलवार को केंद्र ने डेढ़ करोड़ से भी अधिक वैक्सीन की नई खेप जारी की है। पिछले कुछ दिन में कंपनी की ओर से करीब 30 लाख से अधिक खुराक उपलब्ध कराई गई हैं।