ट्रंप पर हमले की कोशिश पर भारत में सियासी बयानबाज़ी तेज, कांग्रेस विधायक के बयान से मचा विवाद

अमेरिका में व्हाइट हाउस संवाददाताओं के वार्षिक रात्रिभोज कार्यक्रम के दौरान हुई सुरक्षा घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी है। इसी बीच भारत में कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमला “होना ही था” और यह भी टिप्पणी की कि भारत में भी लोगों की भावनाएं कुछ इसी तरह की हैं। हालांकि ट्रंप इस हमले में सुरक्षित रहे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वडेट्टीवार ने अपने बयान में कहा कि ट्रंप वैश्विक स्तर पर दबदबा बनाने और कई देशों को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा, “जैसी करनी वैसी भरनी… अगर हालात उम्मीद के मुताबिक नहीं बने, तो ऐसी घटनाएं होना स्वाभाविक है।” साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि भारत में भी जनता के बीच असंतोष है, भले ही वह खुलकर सामने नहीं आ रहा है। उनके अनुसार, लोगों के भीतर यह भावना है कि देश की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, हालांकि उन्होंने किसी विशेष व्यक्ति या संगठन का नाम नहीं लिया।

हालांकि बयान के साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे किसी भी तरह की हिंसा का समर्थन नहीं करते और ऐसे किसी भी हमले की निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी उच्च पद पर बैठे व्यक्ति के साथ इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए, लेकिन जनता की प्रतिक्रिया अक्सर नेतृत्व और नीतियों पर सवाल भी उठाती है।
व्हाइट हाउस में रात्रिभोज के दौरान मचा हड़कंप

यह घटना शनिवार रात करीब 8:34 बजे हुई, जब व्हाइट हाउस में मेहमानों को डिनर परोसा जा रहा था। उस समय डोनाल्ड ट्रंप, व्हाइट हाउस संवाददाता एसोसिएशन की अध्यक्ष वेइजिया जियांग और मेंटलिस्ट ओज पर्लमैन बातचीत कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान अचानक सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और सीक्रेट सर्विस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप, मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

स्थिति को गंभीर देखते हुए पूरे कार्यक्रम स्थल को खाली कराया गया और सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया। कुछ घंटों बाद ट्रंप ने व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी हथियारों के साथ कार्यक्रम में घुसने की कोशिश कर रहा था और उसका इरादा सरकारी अधिकारियों को निशाना बनाने का था।

आरोपी की पहचान और जांच में खुलासे


अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान कैलिफोर्निया निवासी 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह ट्रेन से वॉशिंगटन पहुंचा था और कार्यक्रम से कुछ दिन पहले ही उस होटल में ठहरा था, जहां यह आयोजन हुआ था।

न्याय विभाग के कार्यवाहक प्रमुख टोड ब्लैंच ने जानकारी दी कि आरोपी के खिलाफ गंभीर आपराधिक धाराओं में केस दर्ज किया जा सकता है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरी घटना के पीछे उसका मकसद क्या था और क्या वह अकेले काम कर रहा था या किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा था।