अगर घर में अचानक एलपीजी गैस खत्म हो जाए, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं होगी। जल्द ही आप किराने के सामान की तरह गैस सिलेंडर भी कुछ ही मिनटों में अपने घर मंगा सकेंगे। भारत में पहली बार क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Swiggy Instamart और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने साझेदारी करते हुए ऐसी सुविधा शुरू की है, जिसके तहत चुनिंदा एलपीजी सिलेंडर करीब 10 मिनट के भीतर ग्राहकों तक पहुंचाए जाएंगे। फिलहाल इस सेवा की शुरुआत बेंगलुरु के उन क्षेत्रों में की गई है, जहां इंस्टामार्ट की डिलीवरी उपलब्ध है।
फिलहाल इन दो तरह के LPG सिलेंडर की मिलेगी सुविधानई सेवा के तहत ग्राहक फिलहाल HP Navya 10 किलोग्राम कंपोजिट LPG सिलेंडर और HPCL का 5 किलोग्राम मेटल LPG सिलेंडर ऑर्डर कर सकते हैं। ये दोनों सिलेंडर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी हैं, जिन्हें नियमित रूप से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की आवश्यकता नहीं होती।
HP Navya कंपोजिट सिलेंडर की सबसे बड़ी खासियत इसका हल्का वजन है। यह पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में अधिक हल्का होता है, इसमें जंग लगने की संभावना नहीं रहती और इसका अर्ध-पारदर्शी डिजाइन उपयोगकर्ताओं को आसानी से यह देखने में मदद करता है कि सिलेंडर में कितनी गैस बची हुई है।
ऐसे करें Instamart से गैस सिलेंडर की बुकिंगइस सुविधा का लाभ उठाने के लिए सबसे पहले अपने मोबाइल में Swiggy Instamart ऐप खोलें। इसके बाद सर्च बॉक्स में HPCL LPG Cylinder टाइप करें। अपनी आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध सिलेंडर का चयन करें और ऑर्डर कन्फर्म कर दें।
बुकिंग पूरी होने के बाद सिलेंडर की डिलीवरी HPCL के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर और प्रशिक्षित डिलीवरी कर्मियों द्वारा की जाएगी। यानी ऑर्डर ऑनलाइन Instamart पर किया जाएगा, लेकिन सिलेंडर की सप्लाई और डिलीवरी पूरी तरह HPCL के सुरक्षा मानकों और नियमों के अनुसार होगी।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया महत्वपूर्ण पहलकेंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस नई सुविधा का स्वागत करते हुए इसे उपभोक्ताओं की सुविधा बढ़ाने की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि HPCL और Instamart की यह साझेदारी डिजिटल इंडिया, ईज ऑफ लिविंग और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की सरकार की सोच के अनुरूप है।
उनके अनुसार, क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए ऑन-डिमांड LPG सिलेंडर उपलब्ध कराने से उपभोक्ताओं को समय की बचत होगी और स्वच्छ ईंधन तक उनकी पहुंच पहले से अधिक आसान और तेज बनेगी।
छोटे परिवारों और छात्रों के लिए साबित हो सकती है बेहद उपयोगीइस नई सेवा का सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को मिलेगा, जिनके घर में अचानक गैस खत्म हो जाती है और उन्हें पारंपरिक डिलीवरी का इंतजार करना पड़ता है। छोटे परिवार, किराये के मकानों में रहने वाले लोग, छात्र, बैचलर्स और छोटे व्यवसाय चलाने वाले उपभोक्ता इस सुविधा का अधिक लाभ उठा सकेंगे।
यदि बेंगलुरु में शुरू किया गया यह मॉडल सफल रहता है, तो आने वाले समय में देश के अन्य बड़े शहरों में भी 10 मिनट के भीतर एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी की सुविधा शुरू की जा सकती है। इससे गैस सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी का पूरा अनुभव पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज, सुविधाजनक और डिजिटल हो जाएगा।