चांदी आज फिर ₹14,300 महंगी, सोने में भी जोरदार उछाल, खरीदारी से पहले जानें ताजा भाव

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी और पूरे देश में बुधवार को कीमती धातुओं की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। यह लगातार दूसरा दिन है जब सोना और चांदी ने मजबूत रिकवरी दिखाई, जो पिछले हफ्ते की भारी बिकवाली और करेक्शन के बाद आई है। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के आंकड़ों के अनुसार, चांदी की कीमत 14,300 रुपये या 5.03% बढ़कर 2,98,300 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर पहुँच गई। इससे पहले मंगलवार को इसका बंद भाव 2,84,000 रुपये प्रति किलोग्राम था।

सोने की बात करें तो 99.9% शुद्ध सोने में 7,400 रुपये या 4.69% की तेजी रही। इस बढ़ोतरी के बाद सोने का भाव 1,65,100 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) तक पहुंच गया, जबकि मंगलवार का बंद भाव 1,57,700 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

विशेषज्ञों की राय

ट्रेडर्स और मार्केट एनालिस्ट्स का कहना है कि इस तेजी के पीछे वैश्विक बाजारों में मजबूती और अमेरिकी डॉलर की कमजोरी प्रमुख कारण हैं। निवेशकों की सुरक्षित निवेश वाली धातुओं में दिलचस्पी फिर बढ़ गई है। लेमॉन मार्केट्स के रिसर्च एनालिस्ट गौरव गर्ग ने बताया कि बुधवार को सोना और चांदी दोनों में मजबूत रिकवरी देखने को मिली। उन्होंने कहा, सोना 3% से अधिक उछलकर 1.6 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास पहुंचा, जबकि चांदी इंट्रा-डे में लगभग 6% तक बढ़ी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दिखी मजबूती

स्पॉट चांदी 4.28 डॉलर या 5.03% की तेजी के साथ 89.35 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही है।

स्पॉट सोना 100.03 डॉलर या 2.02% की बढ़त के साथ 5,047.07 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है।

अमेरिका और ईरान के तनाव का असर

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव से निवेशक फिर से सुरक्षित एसेट्स की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने कहा, अमेरिका-ईरान टकराव इस हफ्ते होने वाली परमाणु वार्ता की उम्मीदों को कमजोर कर रहा है। इससे वॉशिंगटन और तेहरान के बीच संभावित टकराव बढ़ने की आशंका है, जो सोने में रिस्क प्रीमियम बढ़ा सकती है और सेफ-हेवन एसेट्स की मांग को और मजबूती दे सकती है।