'अभी ध्यान नहीं, भारत लौटकर करेंगे बात', कांग्रेस की आलोचनाओं पर शशि थरूर का जवाब

कांग्रेस नेता शशि थरूर इस समय दुनियाभर में भारत की ओर से भेजे गए प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं और विभिन्न देशों में जाकर पाकिस्तान पोषित आतंकवाद के खिलाफ भारत का पक्ष मजबूती से रख रहे हैं। फिलहाल वह ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया में हैं। हालांकि, कांग्रेस के कुछ नेता उनकी हालिया टिप्पणियों और गतिविधियों से असहज नजर आ रहे हैं और उनके खिलाफ आलोचनात्मक बयान दे रहे हैं।

थरूर ने कहा— इस समय केवल मिशन पर ध्यान केंद्रित

जब शशि थरूर से कांग्रेस नेताओं की आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने कहा कि यह समय ऐसी बातों पर चर्चा का नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका पूरा ध्यान फिलहाल अपने मिशन पर है। थरूर ने कहा, मुझे लगता है कि यह समय हमारे मिशन को गंभीरता से लेने का है। एक सशक्त लोकतंत्र में आलोचनाएं और टिप्पणियां सामान्य हैं, लेकिन इस समय हम उस पर ध्यान नहीं दे सकते। जब हम भारत लौटेंगे, तब हमारे पास अपने सहयोगियों, आलोचकों और मीडिया से संवाद करने का अवसर होगा। फिलहाल हमारा लक्ष्य उन देशों में भारत की बात पहुंचाना है, जहां हम दौरे पर हैं।

कांग्रेस नेताओं की आलोचना

कांग्रेस के भीतर से शशि थरूर पर तीखे आरोप लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि पार्टी ने थरूर को सब कुछ दिया, लेकिन वह कांग्रेस विरोधी बयान देकर यह दर्शा रहे हैं कि वे पार्टी के हित में नहीं हैं। वहीं, पवन खेड़ा ने कहा कि थरूर ने अपनी किताब में सर्जिकल स्ट्राइक की आलोचना की थी, लेकिन अब विदेशों में जाकर उसी का गुणगान कर रहे हैं। कांग्रेस के कुछ नेताओं का यह भी कहना है कि थरूर को प्रधानमंत्री मोदी अपना प्रवक्ता या विदेश मंत्री बना लें, क्योंकि उनकी भूमिका अब भाजपा के हित में ज्यादा दिख रही है।

बीजेपी ने की सराहना

जहां एक ओर कांग्रेस थरूर पर हमलावर है, वहीं भाजपा उनके काम की सराहना कर रही है। भाजपा नेताओं ने कहा कि शशि थरूर जैसे वरिष्ठ नेता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का पक्ष रखने की जिम्मेदारी मिली है और वह इसे ईमानदारी और लगन से निभा रहे हैं। भाजपा का मानना है कि थरूर का कार्य भारतीय हित में है, जबकि कांग्रेस के कुछ नेताओं की टिप्पणियां आंतरिक असंतोष और कुंठा को दर्शाती हैं, जो अब सतह पर आ रही है।