Budget 2026: 'कोशिश यही है कि हर घर में लक्ष्मी जी पधारें', बजट पर आ गया PM मोदी का पहला बयान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट 2026 की घोषणा के बाद पूरे देश को संबोधित करते हुए इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, आज का बजट देश की नारी शक्ति का जीवंत प्रतिबिंब है। महिला वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौवीं बार यह बजट पेश कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।

बजट: अपार अवसरों का मार्ग

पीएम मोदी ने इसे युवाओं के लिए अवसरों का बजट बताया। उन्होंने कहा, यह युवा सोच और सपनों से भरा बजट है। इससे युवाओं के लिए नए द्वार खुलेंगे और वे अपने कौशल और क्षमताओं को उभार सकेंगे। यह बजट आत्मनिर्भर भारत की उड़ान को भी गति देगा और भारत-EU FTA का लाभ भी सीधे मिलेगा।

इंफ्रास्ट्रक्चर और शहरों का विकास

प्रधानमंत्री ने कहा, इस बजट में देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए कई बड़े कदम उठाए गए हैं। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, पूरे देश में वाटर वेज का विस्तार, हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, टियर 2 और टियर 3 शहरों के विकास, और शहरों में आर्थिक आधार मजबूत करने के लिए म्युनिसिपल बांड्स को बढ़ावा – ये सभी उपाय विकसित भारत की यात्रा को और तेज करेंगे।

कृषि, डेयरी और फिशरीज में प्राथमिकता

पीएम मोदी ने कहा, हमारी सरकार ने हमेशा कृषि, डेयरी और फिशरीज सेक्टर को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इस बजट में नारियल, कोको, काजू और चंदन जैसी पैदावार से जुड़े किसानों के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं, ताकि उनकी आमदनी बढ़े और ये क्षेत्र विकसित हों।

महिलाओं और SHGs को सशक्त बनाने की पहल

प्रधानमंत्री ने महिलाओं की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, देश में 10 करोड़ से अधिक महिलाएं सेल्फ़ हेल्प ग्रुप्स (SHGs) से जुड़ी हैं। यह अभियान अत्यंत सफल रहा है। बजट में महिलाओं द्वारा संचालित और निर्मित SHGs का आधुनिक और टिकाऊ इकोसिस्टम बनाने को प्राथमिकता दी गई है। हमारी कोशिश यही है कि हर घर में लक्ष्मी जी पधारें।