पीएम मोदी का डिजिटल धमाका: इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स पार करने वाले पहले नेता बने, कई वैश्विक दिग्गजों को छोड़ा पीछे

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी मजबूत मौजूदगी के लिए पहचाने जाने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया की दुनिया में एक नया इतिहास रच दिया है। वे इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन (10 करोड़) फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले शीर्ष राजनीतिक नेता बन गए हैं। यह उपलब्धि केवल एक संख्या नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर उनकी बढ़ती स्वीकार्यता और प्रभाव का संकेत मानी जा रही है।

पिछले दस वर्षों में उनका इंस्टाग्राम अकाउंट विश्व नेताओं के बीच सबसे सक्रिय और प्रभावशाली मंचों में शुमार हो चुका है। यहां वे केवल सरकारी कार्यक्रमों या कूटनीतिक मुलाकातों की झलक ही साझा नहीं करते, बल्कि व्यक्तिगत क्षण, सांस्कृतिक झरोखे, युवा संवाद और देश के विभिन्न हिस्सों की तस्वीरें भी पोस्ट करते हैं। यही विविधता उन्हें आम लोगों, खासकर युवाओं, से जोड़ती है। दिलचस्प तथ्य यह है कि उनके फॉलोअर्स की संख्या अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी लगभग दोगुनी बताई जा रही है।

वैश्विक परिदृश्य में किसकी कितनी पहुंच

इंस्टाग्राम पर लोकप्रियता की वैश्विक सूची पर नजर डालें तो दूसरे स्थान पर डोनाल्ड ट्रंप हैं, जिनके करीब 43.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं। तीसरे पायदान पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबावो सुबियांतो का नाम आता है, जिनके लगभग 15 मिलियन समर्थक इस मंच पर जुड़े हुए हैं।

इसके बाद ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा करीब 14.4 मिलियन फॉलोअर्स के साथ चौथे स्थान पर हैं। तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन लगभग 11.6 मिलियन फॉलोअर्स के साथ सूची में अगली पंक्ति में दिखाई देते हैं। वहीं अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के इंस्टाग्राम पर करीब 6.4 मिलियन फॉलोअर्स दर्ज किए गए हैं। इन आंकड़ों की तुलना में प्रधानमंत्री मोदी का 100 मिलियन का पड़ाव उन्हें स्पष्ट रूप से शीर्ष स्थान पर स्थापित करता है।
भारत के भीतर डिजिटल लोकप्रियता का अंतर

अगर देश के भीतर की तस्वीर देखें तो यहां भी प्रधानमंत्री मोदी अपने राजनीतिक समकक्षों से काफी आगे नजर आते हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 161 लाख (16.1 मिलियन) फॉलोअर्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं, लेकिन उनकी संख्या भी प्रधानमंत्री से काफी कम है।

तीसरे स्थान पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी हैं, जिनके लगभग 126 लाख (12.6 मिलियन) फॉलोअर्स बताए जाते हैं। इन आंकड़ों से स्पष्ट होता है कि इंस्टाग्राम जैसे विजुअल प्लेटफॉर्म पर प्रधानमंत्री मोदी की पकड़ न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहद मजबूत है।

विशेषज्ञों का मानना है कि 100 मिलियन फॉलोअर्स का यह आंकड़ा केवल डिजिटल लोकप्रियता का प्रतीक नहीं, बल्कि वैश्विक संवाद में उनकी सक्रिय भागीदारी और युवाओं के साथ निरंतर जुड़ाव को भी दर्शाता है। दिसंबर 2025 तक विभिन्न सर्वेक्षणों में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनिंदा विश्व नेताओं में उच्च लोकप्रियता रेटिंग के साथ देखा गया था। ऐसे में इंस्टाग्राम पर यह नया कीर्तिमान उनके डिजिटल प्रभाव को और अधिक सुदृढ़ करता है।