पेट्रोल-डीजल को लेकर बड़ी राहत! कच्चे तेल पर सरकार की गुड न्यूज से टेंशन खत्म

देश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर बनी चिंता के बीच सरकार ने राहत भरी खबर दी है। कच्चे तेल, एलपीजी और एलएनजी की उपलब्धता को लेकर उठ रही आशंकाओं पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया गया है कि आने वाले दो महीनों के लिए पर्याप्त बैकअप प्लान तैयार है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है और भारतीय क्रूड बास्केट 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 140 डॉलर के पार पहुंच चुकी है। इसके बावजूद सरकार का कहना है कि देश में तेल की कोई कमी नहीं होगी और सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित है।

रिफाइनरियां फुल कैपेसिटी पर कर रहीं काम

सरकार के मुताबिक, देश की सभी प्रमुख रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता या उससे भी अधिक स्तर पर काम कर रही हैं। इससे ईंधन उत्पादन में निरंतर वृद्धि हो रही है। खासतौर पर घरेलू एलपीजी उत्पादन में करीब 40 प्रतिशत तक का इजाफा दर्ज किया गया है, जो आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात है। इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि घरेलू गैस की उपलब्धता पर किसी तरह का असर न पड़े।

कमर्शियल LPG सप्लाई में धीरे-धीरे बहाली

भारत अपनी एलपीजी जरूरतों का बड़ा हिस्सा Strait of Hormuz के रास्ते आयात करता है। शुरुआती दौर में वैश्विक तनाव को देखते हुए सरकार ने घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए कमर्शियल एलपीजी सप्लाई पर अस्थायी रोक लगा दी थी।

हालांकि, हालात को ध्यान में रखते हुए अब इसे चरणबद्ध तरीके से फिर शुरू किया गया है। पहले सप्लाई को 20% तक खोला गया, फिर 30% और उसके बाद 50% तक बढ़ाया गया। अब इसे 70% तक बहाल कर दिया गया है। 14 मार्च से अब तक लगभग 30 हजार टन कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति की जा चुकी है, जिससे उद्योग और व्यापारिक गतिविधियों को भी राहत मिली है।
हर वर्ग की जरूरतों को दी प्राथमिकता

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि ईंधन वितरण के दौरान समाज के हर वर्ग का विशेष ध्यान रखा गया है। छोटे होटल, सड़क किनारे ढाबे, औद्योगिक कैंटीन और दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों को प्राथमिकता के आधार पर सप्लाई दी जा रही है, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो।

सरकार का साफ संदेश है कि लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ लगाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि देश के पास पर्याप्त भंडार मौजूद है और पूरी सप्लाई चेन सुचारू रूप से काम कर रही है।