पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे मामले से जुड़े कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि केतन से सगाई होने से कुछ सप्ताह पहले उसकी मंगेतर सिया गोयल अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ उदयपुर घूमने गई थी। बताया जा रहा है कि दोनों एक ग्रुप के साथ इस यात्रा पर गए थे और वहां कई दिनों तक रुके थे। अब पुलिस इस यात्रा से जुड़े रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्य और अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है ताकि कथित साजिश की पूरी कड़ी को जोड़ा जा सके।
सिया और केतन अग्रवाल की फरवरी में सगाई हुई थी। उस समय दोनों की सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं, जिनमें दोनों एक-दूसरे के साथ बेहद खुश नजर आ रहे थे। लेकिन जांच एजेंसियों का दावा है कि इन तस्वीरों के पीछे एक ऐसी साजिश पल रही थी, जिसका अंत केतन की हत्या के रूप में हुआ। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान सिया ने स्वीकार किया कि वह केतन से शादी करने की इच्छुक नहीं थी।
शादी से बचने और समय हासिल करने की थी योजनापुलिस जांच के मुताबिक, सिया गोयल का उद्देश्य केतन से विवाह करना नहीं था। अधिकारियों का कहना है कि हत्या की कथित साजिश के पीछे एक बड़ी वजह यह भी थी कि इससे सिया और चेतन को भविष्य की योजना के लिए पर्याप्त समय मिल सकता था। दोनों को यह डर भी था कि यदि सगाई तोड़ी जाती है तो परिवार और समाज में उनकी बदनामी होगी। ऐसे में कथित तौर पर उन्होंने ऐसा रास्ता चुना, जिससे कुछ वर्षों बाद दोनों एक-दूसरे से शादी कर सकें।
जांच में यह भी सामने आया है कि सिया लगभग तीन साल बाद चेतन चौधरी से विवाह करना चाहती थी। पुलिस का दावा है कि दोनों ने अपने भविष्य को लेकर पहले से विस्तृत योजना तैयार कर रखी थी और उसी के अनुसार पूरी साजिश को अंजाम देने की तैयारी की गई।
शॉपिंग के बहाने लिए एक करोड़ रुपयेमामले की जांच के दौरान आर्थिक लेनदेन को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, सिया ने केतन अग्रवाल से शॉपिंग का हवाला देकर करीब एक करोड़ रुपये लिए थे। जांच एजेंसियों का दावा है कि यह रकम बाद में चेतन चौधरी को सौंप दी गई।
पुलिस के अनुसार, चेतन इस पैसे का इस्तेमाल अपना करियर और कारोबार स्थापित करने के लिए करना चाहता था। उसने कथित तौर पर सिया से कहा था कि आर्थिक रूप से पूरी तरह स्थापित होने में उसे कम से कम तीन साल का समय लगेगा। जांच में यह भी सामने आया है कि योजना के अनुसार केतन की हत्या के कुछ महीनों बाद चेतन, सिया के परिवार से औपचारिक रूप से मुलाकात करता और फिर दोनों की शादी की बात आगे बढ़ाई जाती।
घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने दोहराया पूरा घटनाक्रमजांच के सिलसिले में रविवार (28 जून) को पुणे ग्रामीण पुलिस सिया गोयल को लोहागढ़ किले लेकर पहुंची, जहां घटना का क्राइम सीन दोबारा तैयार किया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस प्रक्रिया का उद्देश्य 18 जून को हुई पूरी घटना के क्रम को समझना और आरोपियों के बयानों का सत्यापन करना था।
पुलिस का आरोप है कि सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले की खाई में धक्का देकर उसकी हत्या की। पुणे ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सिया को उस सटीक स्थान पर ले जाया गया, जहां से कथित तौर पर केतन को नीचे धक्का दिया गया था। घटनास्थल पर पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कर जांच टीम ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं का बारीकी से परीक्षण किया, ताकि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपियों के बयानों का मिलान किया जा सके।