उत्तर भारत में सर्दी अब लगभग विदाई की ओर है, लेकिन मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी कर बताया है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कई राज्यों में मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है। कहीं तेज रफ्तार हवाएं चलेंगी, तो कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ ओले गिरने की आशंका है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में बादल बढ़ रहे हैं और कई इलाकों में तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है।
राजस्थान, पंजाब और हरियाणा पर ज्यादा असरमौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में अपेक्षाकृत अधिक रहेगा। राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, अजमेर और कोटा संभाग में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका है। पंजाब और हरियाणा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
दिल्ली में दोपहर बाद बदल सकता है मौसमराष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में बुधवार (18 फरवरी) को दोपहर बाद मौसम करवट ले सकता है। हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। वर्षा के कारण अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट संभव है, जिससे हाल के दिनों में बढ़ी गर्माहट से कुछ राहत मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश में फिर सक्रिय होगा सिस्टमउत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलने के संकेत हैं। पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी जिलों में बादल छाने, हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में ओले गिर सकते हैं। हालांकि पूर्वी और मध्य यूपी के कई शहरों में फिलहाल धूप बनी हुई है और तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश के बाद आने वाले दिनों में तापमान में दोबारा बढ़ोतरी हो सकती है।
इन जिलों में अलर्टIMD के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बागपत, हापुड़, आगरा, मथुरा, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और मेरठ में 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और ओले पड़ने की आशंका भी है।
पूर्वी यूपी में फिलहाल राहतराजधानी लखनऊ में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप निकल सकती है और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। हवा की गति लगभग 10 किमी/घंटा रह सकती है। प्रयागराज में भी बारिश के आसार नहीं हैं और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। वहीं वाराणसी में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन वर्षा की संभावना कम है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।