पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक भू-राजनीतिक अस्थिरता के बीच निवेशकों ने सुरक्षित संपत्तियों की ओर रुख किया, जिससे सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखी गई। दिल्ली के बाजार में सोमवार को चांदी का भाव 3,00,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुँच गया, जबकि सोना 1,73,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब कारोबार कर रहा था। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत में 32,000 रुपये यानी 11.94 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो पिछले शुक्रवार 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
सोने का भाव भी तेजी परसोने की बात करें तो 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का मूल्य 8,100 रुपये (4.92 प्रतिशत) की तेजी के साथ 1,72,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुँच गया। शुक्रवार को यह भाव 1,64,700 रुपये प्रति 10 ग्राम था। लेमन मार्केट्स के रिसर्च एनालिस्ट गौरव गर्ग ने बताया कि पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के चलते निवेशकों ने सुरक्षित-निवेश वाली परिसंपत्तियों की ओर तेजी दिखाई, जिससे सोना और चांदी दोनों में उछाल आया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बढ़तवैश्विक बाजार में हाजिर सोना 116.38 डॉलर यानी 2.21 प्रतिशत बढ़कर 5,394.28 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी की कीमत भी 1.43 प्रतिशत बढ़कर 95.19 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। इस बीच, ईरान ने अमेरिका और उसके सहयोगी देशों में रणनीतिक संपत्तियों पर जवाबी हमले शुरू किए, जिसमें संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब, जॉर्डन, इराक और सीरिया शामिल हैं। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर कमोडिटी एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा कि संघर्ष का विस्तार वैश्विक व्यापार मार्गों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे में संभावित व्यवधान की आशंका बढ़ा रहा है।
आगामी अमेरिकी आंकड़े और कीमतों पर असरएलकेपी सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी के अनुसार, आने वाले सप्ताह में अमेरिका से कई महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़े जारी होंगे, जिनमें विनिर्माण और गैर-विनिर्माण पीएमआई, एडीपी गैर-कृषि रोजगार परिवर्तन और बेरोजगारी दर शामिल हैं। इन आंकड़ों के आने के बाद सोने और चांदी की कीमतों में अस्थिरता बढ़ सकती है, क्योंकि निवेशक फेडरल रिजर्व की नीतियों के संभावित बदलावों का पुनर्मूल्यांकन करेंगे।