देशभर की केंद्रीय, राज्य और निजी विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG 2026) को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अभ्यर्थियों को एक और मौका देते हुए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी है। अब इच्छुक छात्र-छात्राएं 26 फरवरी रात 11:50 बजे तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
इससे पहले आवेदन की समयसीमा समाप्त हो चुकी थी, लेकिन बड़ी संख्या में छात्रों के अनुरोध को देखते हुए एजेंसी ने पोर्टल को फिर से सक्रिय कर दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह अतिरिक्त अवसर सीमित अवधि के लिए है, इसलिए अभ्यर्थियों को बिना देरी किए आवेदन पूरा कर लेना चाहिए।
सीयूईटी यूजी विशेषज्ञ कमल सिंह चौहान के मुताबिक, सोमवार दोपहर से आवेदन लिंक फिर चालू कर दिया गया है। छात्रों को लगभग चार दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है। हालांकि, NTA ने स्पष्ट कर दिया है कि 26 फरवरी के बाद आवेदन की तिथि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। इस बार विशेष रूप से यह भी चेतावनी दी गई है कि आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए कोई करेक्शन विंडो उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। ऐसे में फॉर्म भरते समय सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक दर्ज करना बेहद जरूरी है।
राजीव गांधी नगर स्थित NTA फॉर्म फिलिंग सेंटर का संचालन कर रहे पंकज खंडेलवाल के अनुसार, पहली चरण की आवेदन प्रक्रिया में ही 13 लाख से अधिक उम्मीदवार पंजीकरण कर चुके थे। अब दोबारा आवेदन शुरू होने के बाद यह संख्या और बढ़ने की संभावना है। उनका कहना है कि कई छात्र तकनीकी कारणों या जानकारी के अभाव में आवेदन नहीं कर पाए थे, जिन्हें अब राहत मिली है।
अगर आवेदन शेड्यूल पर नजर डालें तो प्रारंभिक चरण में 3 जनवरी से 30 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। पहले फीस जमा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित थी। बाद में संशोधित अधिसूचना जारी कर अंतिम तिथि 4 फरवरी कर दी गई थी। इसके साथ ही फीस भुगतान की समयसीमा 7 फरवरी तक बढ़ाई गई और करेक्शन विंडो 9 से 11 फरवरी के बीच खोली गई थी।
इन बदलावों के बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आवेदन से वंचित रह गए थे। लगातार मिल रही मांगों के बाद अब एजेंसी ने दोबारा पोर्टल सक्रिय किया है। हालांकि इस बार सुधार का मौका नहीं दिया जाएगा, इसलिए अंतिम सबमिशन से पहले सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच करना आवश्यक है।
CUET UG 2026 के माध्यम से देश के कुल 236 संस्थानों में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें 48 केंद्रीय विश्वविद्यालय, 38 राज्य विश्वविद्यालय, 27 डीम्ड विश्वविद्यालय, 116 निजी विश्वविद्यालय और 7 सरकारी संस्थान शामिल हैं। इन सभी विश्वविद्यालयों और उनके संबद्ध कैंपस में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले इसी परीक्षा के स्कोर के आधार पर होंगे।
ऐसे में जो छात्र अब तक आवेदन नहीं कर पाए थे, उनके लिए यह अंतिम अवसर माना जा रहा है। समयसीमा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करना ही समझदारी होगी।