नई दिल्ली। अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट साझा करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा और लोगों से सतर्क रहने की अपील की। पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, मुंह में राम, बगल में छुरी... चढ़ावा चोरों से दूरी है जरूरी। इसके साथ ही एक अन्य पोस्ट में लिखा गया, राम नाम अपना, चढ़ावे का माल अपना। इन पोस्टों के जरिए कांग्रेस ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए।
प्रियंका गांधी ने की निष्पक्ष जांच की मांगइससे पहले कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे चुकी हैं। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े कथित गबन के आरोपों को बेहद दुखद और शर्मनाक बताते हुए उत्तर प्रदेश सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की। प्रियंका गांधी ने कहा कि देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों ने अपनी आस्था के साथ मंदिर निर्माण के लिए दान दिया था, इसलिए यह जानना जरूरी है कि कथित अनियमितताएं आखिर कैसे और किन परिस्थितियों में हुईं।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने श्रद्धालुओं से दान एकत्र किया, उनकी जिम्मेदारी केवल धन जुटाने तक सीमित नहीं थी, बल्कि उसकी सुरक्षा और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करना भी उनकी जवाबदेही थी। उनके अनुसार इस मामले में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रह सके।
एफआईआर दर्ज, आठ आरोपी अब तक गिरफ्तारराम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के एक सदस्य द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच एजेंसियां मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं और अब तक इस प्रकरण में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच लगातार जारी है।
अजय राय ने अयोध्या में नजरबंद किए जाने का लगाया आरोपउधर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने मंगलवार को दावा किया कि अयोध्या पहुंचने के तुरंत बाद उन्हें नजरबंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें राम मंदिर में दर्शन करने की अनुमति नहीं मिलेगी, तब तक वह अयोध्या नहीं छोड़ेंगे।
अयोध्या से बातचीत के दौरान अजय राय ने कहा, मंगलवार के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जैसे ही मैं अयोध्या पहुंचा, पुलिस ने मुझे रोक लिया और नजरबंद कर दिया। जब तक मुझे राम मंदिर जाने की अनुमति नहीं मिलती, मैं यहां से वापस नहीं जाऊंगा। उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, यह कैसी सरकार है, जो हमारे राम मंदिर जाने से भी डर रही है?
होटल से अतिथि गृह ले जाने का दावाअजय राय ने आरोप लगाया कि सोमवार देर रात उन्हें उनके होटल से आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में ले जाया गया, जहां उन्हें रोके रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई के बाद उनकी पत्नी भी उनके ठिकाने को लेकर चिंतित हो गई थीं।
हालांकि कांग्रेस नेता यह स्पष्ट नहीं कर सके कि उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है या केवल नजरबंद किया गया है। उन्होंने कहा, मुझे ऐसा लगता है कि मुझे गिरफ्तार कर लिया गया है। अगर ऐसा नहीं है तो आधी रात को मुझे होटल से यहां लाकर क्यों रखा गया? उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में नई बहस शुरू हो गई है।
राहुल गांधी को लेकर भी तेज हुई सियासतइसी बीच कांग्रेस और बीजेपी के बीच राहुल गांधी को लेकर भी राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हाल ही में राहुल गांधी की कथित गुमशुदगी से जुड़े पोस्टर सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी के कथित विदेश दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश जानना चाहता है कि वह कहां हैं और उनका कार्यक्रम क्या है।
इसके जवाब में उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नई जिम्मेदारी संभाल रहे राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को राहुल गांधी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने के बजाय केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री से देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब मांगना चाहिए। गौतम ने आरोप लगाया कि देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता इन सभी मुद्दों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव के माध्यम से देगी।