तेल विपणन कंपनियों ने जुलाई की शुरुआत में व्यावसायिक उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कमी करने का फैसला लिया है। संशोधित दरें 1 जुलाई 2026 से प्रभावी हो गई हैं। इस फैसले का सीधा लाभ होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कैटरिंग सेवाओं और अन्य खाद्य व्यवसायों से जुड़े कारोबारियों को मिलेगा, जो बड़े पैमाने पर कमर्शियल गैस सिलेंडर का उपयोग करते हैं।
अब 2930 रुपये में मिलेगा 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडरनई कीमत लागू होने के बाद 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत घटकर 2930 रुपये रह गई है। इससे पहले यही सिलेंडर 3113.50 रुपये में मिल रहा था। हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं को इस बार भी किसी तरह की राहत नहीं मिली है। 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पहले की तरह 942 रुपये में ही उपलब्ध रहेगा।
ईरान संकट के बाद बढ़ी थीं ऊर्जा कीमतेंइस वर्ष 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद वैश्विक ऊर्जा बाजार में भारी उथल-पुथल देखने को मिली थी। हालात तब और गंभीर हो गए जब ईरान ने अपने नियंत्रण वाले स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस लेकर गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही पर रोक लगा दी। इस कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई, जिससे दुनिया के कई देशों में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी समेत ईंधन की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया।
चार चरणों में 1374.50 रुपये महंगा हुआ था कमर्शियल सिलेंडरस्ट्रेट ऑफ होर्मुज से आपूर्ति प्रभावित होने के बाद भारत में भी कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर लगातार महंगा होता गया। तेल विपणन कंपनियों ने लागत बढ़ने और नुकसान का हवाला देते हुए मार्च में 144 रुपये, अप्रैल में 195.50 रुपये तथा मई में एकमुश्त 993 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी की थी। इसके बाद जून महीने में भी कीमतों में 42 रुपये का इजाफा किया गया। इस तरह चार बार की बढ़ोतरी के बाद 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत कुल 1374.50 रुपये बढ़ गई थी। अब जुलाई में 183.50 रुपये की कटौती के जरिए कारोबारियों को आंशिक राहत दी गई है।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर पहले ही दो बार हो चुका है महंगाअगर घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बात करें तो इस साल इसमें भी दो चरणों में कीमतें बढ़ाई गई थीं। सबसे पहले मार्च महीने में 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी। इसके बाद जून में फिर 29 रुपये का इजाफा किया गया। इस तरह वर्ष 2026 में अब तक घरेलू एलपीजी सिलेंडर कुल 89 रुपये महंगा हो चुका है। हालांकि, जुलाई के नए संशोधन में घरेलू गैस उपभोक्ताओं को किसी तरह की राहत नहीं मिली और इसकी कीमत यथावत 942 रुपये पर बरकरार रखी गई है।