CBSE Class 12 Revaluation: रिजल्ट के बाद भी नहीं थमी छात्रों की मुश्किलें, स्कैन कॉपी डाउनलोड में आ रही तकनीकी बाधा

सीबीएसई 12वीं के नतीजे जारी होने के बाद छात्रों की परेशानियां लगातार बनी हुई हैं। पहले जहां कई छात्रों ने कम अंक मिलने को लेकर आपत्ति जताई थी, वहीं अब बोर्ड की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रक्रिया पर भी सवाल उठने लगे थे। मामला तूल पकड़ने पर CBSE ने स्पष्ट किया कि मूल्यांकन प्रणाली में किसी तरह की तकनीकी खामी नहीं है। साथ ही छात्रों को यह विकल्प दिया गया कि वे अपनी उत्तरपुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त कर सकते हैं, जिसके लिए शुल्क भी कम कर दिया गया था। लेकिन अब नई समस्या यह सामने आ रही है कि छात्र स्कैन कॉपी के लिए आवेदन ही नहीं कर पा रहे हैं।

CBSE वेबसाइट पर बढ़ते ट्रैफिक से सिस्टम ठप

देशभर के हजारों छात्र अपनी उत्तरपुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी डाउनलोड करने और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन जब छात्र आधिकारिक पोर्टल पर दिए गए स्टेप्स फॉलो कर रहे हैं, तो कई मामलों में दूसरे चरण पर ही वेबसाइट हैंग या डाउन हो जा रही है। सुबह 10 बजे से लगातार छात्रों द्वारा इस तरह की शिकायतें सोशल मीडिया पर सामने आ रही हैं।

हालांकि यह समस्या सभी छात्रों को नहीं हो रही है, लेकिन एक बड़े वर्ग को प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कई छात्र आगे के स्टेप तक पहुंच ही नहीं पा रहे हैं, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है।
आज से शुरू हुई थी स्कैन कॉपी और री-चेकिंग प्रक्रिया

CBSE ने पहले ही घोषणा की थी कि 19 मई सुबह 10 बजे से छात्र अपनी उत्तरपुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त कर सकते हैं और आवश्यकता होने पर री-चेकिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस प्रक्रिया को लेकर छात्रों में काफी उत्साह था और बड़ी संख्या में छात्र तय समय पर पोर्टल पर लॉगिन करने पहुंचे।

जैसे ही प्रक्रिया शुरू हुई, वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक आ गया, जिससे सिस्टम पर दबाव बढ़ गया और तकनीकी दिक्कतें शुरू हो गईं। माना जा रहा है कि एक साथ लाखों छात्रों के लॉगिन करने की वजह से यह समस्या उत्पन्न हुई है।

कब तक कर सकते हैं आवेदन?

सीबीएसई द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, छात्र 19 मई से 22 मई तक अपनी उत्तरपुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए प्रति कॉपी 100 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।

इसके बाद यदि किसी छात्र को अपनी कॉपी में किसी प्रकार की त्रुटि या मूल्यांकन में गलती का संदेह होता है, तो वह 26 मई से 29 मई के बीच री-चेकिंग के लिए आवेदन कर सकता है। री-इवैल्यूएशन के दौरान छात्रों को प्रत्येक प्रश्न के लिए 25 रुपये का शुल्क देना होगा।