भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार, 17 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय संगठन में बड़े बदलाव के तहत नई टीम की घोषणा की। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व वाली इस टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महामंत्री और 16 राष्ट्रीय मंत्री बनाए गए हैं। नई सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और वरिष्ठ नेता राम माधव की वापसी भी हुई है। पार्टी ने संगठन में महिलाओं और युवा चेहरों को भी प्रमुखता दी है।
नई टीम के ऐलान के बाद भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, किरेन रिजिजू और शिवराज सिंह चौहान ने अलग-अलग प्रतिक्रियाओं में नई टीम से संगठन को मजबूती मिलने और केंद्र सरकार के जनकल्याणकारी एजेंडे को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई।
राजनाथ सिंह ने नई टीम को दी शुभकामनाएंरक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नई टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि नई टीम से जुड़े सभी सदस्य लोकसेवा और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ काम करेंगे। राजनाथ सिंह ने यह भी उम्मीद जताई कि संगठन में शामिल नए पदाधिकारी ऊर्जा और उत्साह के साथ ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।
जेपी नड्डा बोले- संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी टीमकेंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नितिन नवीन के नेतृत्व में नई टीम संगठन को आगे ले जाने में अहम भूमिका निभाएगी।
नड्डा के मुताबिक, नई टीम ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य के साथ सरकार की राष्ट्र और जनकल्याण से जुड़ी नीतियों को जमीन तक पहुंचाने में योगदान देगी।
रिजिजू ने टीम गठन के तरीके की तारीफ कीसंसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने नई राष्ट्रीय टीम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के संगठनात्मक चयन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच में अलग-अलग राज्यों, क्षेत्रों, सामाजिक वर्गों और अनुभव वाले लोगों को टीम में शामिल करने पर जोर दिखाई देता है।
रिजिजू ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के साथ काम करने का अवसर मिलने पर खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं। वहीं, कैबिनेट में संभावित फेरबदल से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसे सवाल उनसे नहीं किए जाने चाहिए।
शिवराज सिंह चौहान ने भी दी बधाईकेंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा संगठन में नई जिम्मेदारी पाने वाले नेताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अनुभव और ऊर्जा से बनी नई टीम राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और गति देने का काम करेगी।
शिवराज ने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारियों की राष्ट्रसेवा और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने नई जिम्मेदारी संभालने वाले नेताओं के लिए सफल कार्यकाल की कामना की।
नई टीम में अनुभव और नए चेहरों का मेलभाजपा की घोषित राष्ट्रीय टीम में जहां अनुभवी नेताओं को जगह मिली है, वहीं महिलाओं और युवाओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी को भी नई टीम के प्रमुख बदलावों में शामिल किया गया है।
नई नियुक्तियों के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की प्रतिक्रियाओं में मुख्य रूप से संगठन को मजबूत करने, जनकल्याण से जुड़ी नीतियों को आगे बढ़ाने और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य में योगदान देने पर जोर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: BJP की नई टीम में अमित मालवीय को नहीं मिली जगह, बोले- डिजिटल कम्युनिकेशन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे नए पदाधिकारी