पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना के बीच राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है। शुरुआती रुझानों ने कई राज्यों में सत्ता समीकरण बदलते हुए नजर आ रहे हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक अजय आलोक का तीखा और चर्चित बयान सामने आया है, जिसने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। उन्होंने कहा— “मैं सिर्फ एक लाइन में कहना चाहूंगा कि ममता का दौर गया, गोगोई का प्रभाव खत्म हुआ, स्टालिनवाद समाप्त हुआ और अब भारत में मोदी के राष्ट्रवाद का नया दौर मजबूती से आगे बढ़ेगा।”
पांच राज्यों के चुनावी रुझानों में क्या तस्वीर बन रही है?ताजा मतगणना के अनुसार पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने मजबूत बढ़त हासिल करते हुए 191 सीटों पर बढ़त बना ली है, जबकि तृणमूल कांग्रेस TMC 97 सीटों तक सीमित होती दिखाई दे रही है। असम में भी बीजेपी 99 सीटों पर आगे है, वहीं कांग्रेस 24 सीटों तक सिमट गई है और अन्य दल 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
केरल में इस बार मुकाबला यूडीएफ के पक्ष में जाता दिख रहा है, जहां गठबंधन 101 सीटों पर आगे है। वहीं एलडीएफ केवल 36 सीटों पर सिमटता नजर आ रहा है, जबकि बीजेपी गठबंधन 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
तमिलनाडु में इस बार नई राजनीतिक ताकत के रूप में उभरी TVK TVK ने चौंकाने वाला प्रदर्शन किया है और 109 सीटों पर बढ़त बनाकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती दिख रही है। वहीं डीएमके DMK 61 सीटों पर और AIADMK AIADMK 64 सीटों पर आगे चल रही है, जिससे राज्य में मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।
पुडुचेरी में AINRC ने अब तक 9 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि बीजेपी 2 सीटों पर जीत चुकी है और 1 सीट पर आगे चल रही है। निर्दलीय उम्मीदवार 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं, कांग्रेस एक सीट जीत चुकी है और LJK एक सीट पर आगे चल रही है।
बीजेपी में जश्न का माहौल, बंगाल में बड़ा बदलावपश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी के मजबूत प्रदर्शन ने पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया है। नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में जश्न की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और माहौल काफी उत्साहित दिखाई दे रहा है। बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए बीजेपी की बढ़त ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।
पार्टी नेताओं का दावा है कि बंगाल में सत्ता परिवर्तन की स्थिति बनती दिख रही है और आने वाले समय में राज्य में बीजेपी की सरकार बनने की संभावना मजबूत हो गई है। कुल मिलाकर आज का दिन बीजेपी के लिए बेहद सकारात्मक और उत्साहजनक साबित होता दिख रहा है, जिससे पार्टी खेमे में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।