'BJP में एक से एक शिरोमणि भरे ...', कंगना रनौत ने कहा 'रघुपति राघव राजा राम' नेशनल एंथम, सुप्रिया श्रीनेत ने कसा तंज

मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम) का नाम बदलकर मोदी सरकार ने इसे भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (VB-G RAM G) कर दिया है। इस बदलाव ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। इस मसले पर बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा समर्थक कंगना रनौत के बयान ने नई बहस को जन्म दिया, तो कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने इसका तंज कसते हुए जवाब दिया—'BJP में एक से बढ़कर एक शिरोमणि भरे पड़े हैं।'

नाम बदलने पर विपक्ष का विरोध

कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों ने भाजपा पर आरोप लगाया कि मनरेगा का नाम बदलकर सरकार महात्मा गांधी की विरासत को नजरअंदाज कर रही है। उनका कहना है कि गांधी जी से जुड़े कानून और योजनाओं के नाम बदलना उनकी छवि और योगदान का अपमान है।

कंगना रनौत का बयान

संसद के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए कंगना ने कहा, मनरेगा का नाम 'जी राम जी' कर देने से गांधी जी का अपमान कैसे हुआ? महात्मा गांधी ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ को लेकर एक नेशनल एंथम बनाया था. इससे उन्होंने पूरे देश को संगठित किया था. सरकार राम के नाम से उसी सपने को साकार कर रही है।

कंगना का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। कई कांग्रेस नेता और अन्य आलोचकों ने इसे तथ्यात्मक रूप से गलत बताते हुए सवाल उठाए।

सुप्रिया श्रीनेत का तीखा तंज

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कंगना का वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, चलो भाई, आज नया नेशनल एंथम भी पता चला! BJP में एक से एक शिरोमणि भरे पड़े हैं।

इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई, जहां समर्थकों और विरोधियों ने अपनी राय दी।

अशोक गहलोत का विरोध

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने भी मनरेगा के नाम बदलने का विरोध किया। उन्होंने इसे गांधी जी को दरकिनार करने की योजना बताया। गहलोत ने एक्स पर लिखा, महात्मा गांधी जीवनभर प्रभु श्री राम के अनन्य भक्त रहे और अंतिम समय में भी 'हे राम' पुकारा। आज केंद्र सरकार उसी 'राम' नाम (VB-G RAM G) का इस्तेमाल करके गांधी जी को नजरअंदाज कर रही है, जो बेहद निंदनीय है।