1 मार्च से कई अहम सरकारी नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं, जो सीधे आम लोगों की दिनचर्या और खर्च पर असर डालेंगे। बदलावों का असर ऑनलाइन टिकट बुकिंग, यूपीआई लेनदेन, सिम बाइंडिंग और एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी जैसे ईंधन पर दिखाई देगा। आइए विस्तार से जानें कि 1 मार्च से क्या बदल रहा है।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग में बदलावभारतीय रेल यात्री अब 1 मार्च से जनरल क्लास और प्लेटफॉर्म टिकट सीधे UTS ऐप से बुक नहीं कर पाएंगे। इसके लिए अब RailOne मोबाइल ऐप का इस्तेमाल अनिवार्य होगा। इसका मतलब यह है कि प्लेटफॉर्म या जनरल क्लास टिकट अब सिर्फ इस नए ऐप के जरिए ही ऑनलाइन बुक की जा सकेंगी।
UPI लेनदेन के लिए नए सुरक्षा नियमबड़े ट्रांजैक्शन को सुरक्षित बनाने के लिए 1 मार्च से यूपीआई नियमों में बदलाव किया जा रहा है। अब केवल UPI PIN से ट्रांजैक्शन करना पर्याप्त नहीं होगा। बड़ी रकम ट्रांसफर करने के लिए UPI PIN के साथ बायोमेट्रिक्स या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। इससे डिजिटल धोखाधड़ी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
सिम बाइंडिंग के नए नियमसाइबर फ्रॉड और डिजिटल ठगी को रोकने के लिए सरकार ने 1 मार्च से सिम बाइंडिंग का नया नियम लागू किया है। इसके तहत वॉट्सऐप, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे मैसेजिंग ऐप अब सीधे आपके सिम कार्ड से लिंक होंगे। अगर आप मोबाइल से सिम निकालेंगे तो ये ऐप तुरंत काम करना बंद कर देंगे। कोई भी वाई-फाई या हॉटस्पॉट कनेक्शन इन्हें सक्रिय नहीं कर पाएगा।
एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी और एटीएफ की कीमतेंऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी और एटीएफ की कीमतों में जरूरत के अनुसार बदलाव करती हैं। इसलिए 1 मार्च से इन ईंधनों की दरों में वृद्धि या कटौती हो सकती है। आम लोगों के लिए इससे गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की लागत पर असर पड़ सकता है।
इन बदलावों का उद्देश्य डिजिटल सुरक्षा बढ़ाना और सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी बनाना है। आम नागरिकों के लिए जरूरी है कि वे इन नए नियमों के अनुसार अपनी तैयारी कर लें और समय रहते अपडेटेड ऐप्स और सेवाओं का इस्तेमाल करें।