सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी खुशखबरी दी है। वर्ष 2026 की शुरुआत के साथ ही रेलवे ने असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के पदों पर विशाल भर्ती अभियान का ऐलान किया है। इस बार कुछ सौ नहीं, बल्कि कुल 11,127 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। यह भर्ती देशभर के 17 रेलवे जोन में एक केंद्रीकृत नोटिफिकेशन के जरिए आयोजित की जाएगी और इसे रेलवे की प्रमुख तकनीकी भर्तियों में गिना जा रहा है।
राजस्थान के अभ्यर्थियों के लिए खास अवसरइस भर्ती प्रक्रिया में राजस्थान के युवाओं के लिए भी बड़ा अवसर है। राज्य का उत्तर पश्चिम रेलवे (North Western Railway – NWR) जोन इस अभियान का हिस्सा है। इस जोन के अंतर्गत जयपुर, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर रेल मंडल आते हैं। रेलवे ने केवल इस जोन के लिए 600 असिस्टेंट लोको पायलट पद निर्धारित किए हैं, जिससे स्थानीय उम्मीदवारों को खास लाभ मिलने की संभावना है।
19 फरवरी को जारी हुआ आधिकारिक नोटिफिकेशनरेलवे बोर्ड ने 19 फरवरी को इस भर्ती से संबंधित आधिकारिक अधिसूचना जारी की। यह नोटिफिकेशन सभी जोनल रेलवे और चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (CLW) के जनरल मैनेजर (कार्मिक) को भेजा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि HRMS के इंडेंट मैनेजमेंट मॉड्यूल के माध्यम से रिक्तियों का आकलन पूरा कर लिया गया है। सक्षम प्राधिकारी ने वर्ष 2026 के लिए इन पदों पर सेंट्रलाइज्ड एम्प्लॉयमेंट नोटिफिकेशन जारी करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमाअसिस्टेंट लोको पायलट पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता के रूप में 10वीं पास के साथ आईटीआई या संबंधित क्षेत्र में डिप्लोमा होना अनिवार्य है।
आयु सीमा की बात करें तो सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं, आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट दी गई है—OBC वर्ग के लिए अधिकतम आयु 33 वर्ष और SC/ST वर्ग के लिए 35 वर्ष निर्धारित की गई है।
आवेदन प्रक्रिया कब से होगी शुरू?फिलहाल रेलवे ने 11,127 पदों की घोषणा की है। आवेदन तिथियों, परीक्षा प्रक्रिया, चयन चरणों और अन्य जरूरी दिशानिर्देशों की विस्तृत जानकारी जल्द ही भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहें ताकि आवेदन की अंतिम तिथि या अन्य महत्वपूर्ण सूचना न छूटे।
यह भर्ती अभियान उन युवाओं के लिए बड़ा अवसर है जो तकनीकी क्षेत्र में सरकारी नौकरी हासिल करना चाहते हैं। रेलवे की इस पहल से न केवल रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे, बल्कि हजारों परिवारों को स्थिर भविष्य की दिशा भी मिलेगी।