उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक अध्यापक और प्रवक्ता संवर्ग यानी पीजीटी के कुल 15,012 पदों पर भर्ती के लिए दो अलग-अलग विज्ञापन जारी किए हैं। इनमें सहायक अध्यापक के 12,405 और पीजीटी के 2,607 पद शामिल हैं।
सहायक अध्यापक के 12,405 पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इन पदों में माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी के 897 पद और बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक शहरी के 11,508 पद शामिल हैं। आयोग ने इन पदों के लिए विज्ञापन संख्या 05/2026 जारी किया है।
इन पदों के लिए आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। ऑनलाइन आवेदन में संशोधन 19 अक्टूबर 2026 तक किया जा सकेगा। सहायक अध्यापक पदों के लिए लिखित परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।
PGT के 2,607 पदों के लिए 18 सितंबर से आवेदनशिक्षक भर्ती के दूसरे विज्ञापन में अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रवक्ता संवर्ग यानी पीजीटी के 2,607 रिक्त पद शामिल हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया 18 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इसके लिए विज्ञापन संख्या 06/2026 जारी किया गया है।
पीजीटी भर्ती के लिए आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 17 अक्टूबर 2026 है, जबकि ऑनलाइन आवेदन में संशोधन 21 अक्टूबर तक किया जा सकेगा। पीजीटी पदों के लिए लिखित परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।
आवेदन से पहले OTR जरूरीआयोग ने इन भर्तियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी OTR की व्यवस्था लागू की है। अभ्यर्थियों को संबंधित पद के लिए ऑनलाइन आवेदन करने से पहले OTR प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले संबंधित विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका को ध्यान से पढ़ने को कहा है, ताकि पात्रता और आवेदन से जुड़ी शर्तों की जानकारी स्पष्ट हो सके।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत सहायक अध्यापक और पीजीटी के कुल 15,012 पदों पर चयन किया जाना है। दोनों पदों के लिए आवेदन की तारीख, शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख, संशोधन की समयसीमा और परीक्षा कार्यक्रम अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं।