जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) भर्ती-2025 को लेकर लाखों अभ्यर्थियों की असमंजस की स्थिति समाप्त कर दी है। आयोग ने साफ कर दिया है कि भर्ती परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही 12 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि संशोधित प्रक्रिया के बाद अब भर्ती कुल 9,651 पदों पर की जाएगी।
इस भर्ती प्रक्रिया में प्रदेशभर से 12 लाख 30 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आयोग के अनुसार पदों की संख्या में संशोधन नियमों के अनुरूप किया गया है। पहले विभागीय प्रस्ताव के आधार पर रिक्तियों की संख्या बढ़ाकर 10,537 कर दी गई थी, लेकिन नियमानुसार मूल विज्ञापित पदों में अधिकतम 50 प्रतिशत तक ही वृद्धि की जा सकती है। इसी प्रावधान को ध्यान में रखते हुए संशोधित शुद्धि-पत्र जारी कर कुल पदों की संख्या 9,651 निर्धारित की गई है।
हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद आयोग ने किया स्थिति स्पष्टभर्ती परीक्षा को स्थगित करने और आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर दायर याचिकाओं पर जयपुर खंडपीठ में सुनवाई के दौरान आयोग ने अपना पक्ष अदालत के सामने रखा। इसके बाद आयोग ने संशोधित शुद्धि-पत्र संख्या 11/2026-27 जारी करते हुए स्पष्ट किया कि परीक्षा निर्धारित तिथियों पर ही आयोजित की जाएगी।
आयोग ने यह भी कहा कि भर्ती विज्ञापन में उल्लेखित अन्य सभी नियम, शर्तें और पात्रता संबंधी प्रावधान पहले की तरह लागू रहेंगे। केवल पदों की संख्या में आवश्यक संशोधन किया गया है, जबकि परीक्षा कार्यक्रम में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।
विषयवार रिक्तियों का विवरण भी जारीसंशोधित पदों के अनुसार इस भर्ती में सबसे अधिक रिक्तियां गणित और विज्ञान विषय में हैं। आयोग द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक गणित के 2,076, विज्ञान के 2,031, अंग्रेजी के 1,956, हिंदी के 1,577, संस्कृत के 1,323, सामाजिक विज्ञान के 600, उर्दू के 71, पंजाबी के 14, सिंधी के 2 तथा गुजराती के 1 पद शामिल किए गए हैं।
आयोग ने बताया कि वर्गवार (कैटेगरी-वाइज) पदों का विस्तृत विवरण भी जल्द ही आधिकारिक रूप से जारी किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को आरक्षण और श्रेणीवार रिक्तियों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
पहले 6,500 पदों के लिए निकला था विज्ञापनगौरतलब है कि इस भर्ती का मूल विज्ञापन संख्या 07/2025-26 के तहत 17 जुलाई 2025 को जारी किया गया था। उस समय माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 10 विषयों में 6,500 पदों पर वरिष्ठ अध्यापकों की भर्ती प्रस्तावित थी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 19 अगस्त से 17 सितंबर 2025 तक संचालित की गई थी।
बाद में माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर रिक्तियों की संख्या बढ़ाकर पहले 10,537 कर दी गई थी। हालांकि नियमों की समीक्षा के बाद आयोग ने संशोधित आदेश जारी करते हुए पदों की संख्या 9,651 निर्धारित कर दी। अब आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि इसी संशोधित संख्या के आधार पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और परीक्षा तय समय पर आयोजित की जाएगी।