राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आयोजित वरिष्ठ अध्यापक (सेकेंडरी एजुकेशन) प्रतियोगी परीक्षा-2026 शनिवार (12 जुलाई) से शुरू हो रही है। यह परीक्षा 18 जुलाई तक प्रदेशभर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए आयोग और जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर सुरक्षा एवं निगरानी की व्यवस्था की है। दौसा जिला प्रशासन ने भी परीक्षा के सफल संचालन को लेकर विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परीक्षा प्रभारी एवं लालसोट के अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) मनमोहन मीणा ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की कोशिश पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए चार सेक्टर स्तरीय उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं। प्रत्येक उड़नदस्ता टीम छह परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेगी। इन दलों में एक आरएएस अधिकारी, एक पुलिस अधिकारी तथा शिक्षा विभाग का एक अधिकारी शामिल रहेगा, जो लगातार विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखेंगे।
प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थापरीक्षा सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने अलग से विशेष प्रबंधन किया है। प्रश्न पत्रों को सुरक्षित तरीके से कोषागार से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को वापस कोष कार्यालय में जमा कराने के लिए आठ उप-समन्वयक दलों का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त तीन परीक्षा केंद्रों पर एक सामान्य समन्वयक दल भी तैनात रहेगा, जो पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा और आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करेगा।
परीक्षा केंद्रों पर निगरानी मजबूत करने के लिए कुल 35 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। निजी परीक्षा केंद्रों पर दो-दो तथा सरकारी परीक्षा केंद्रों पर एक-एक प्रधानाचार्य स्तर के अधिकारी को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो कक्ष निरीक्षक तैनात रहेंगे। इसके अलावा प्रत्येक दो कक्षों पर एक रिलीवर और एक सुपरवाइजर भी नियुक्त रहेगा, ताकि परीक्षा संचालन के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए।
हर गतिविधि पर रहेगी कैमरों की नजरपरीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक केंद्र पर दो-दो वीडियोग्राफर तैनात किए गए हैं, जो प्रश्न पत्र वितरण से लेकर परीक्षा समाप्त होने और उत्तर पुस्तिकाओं के संग्रहण तक पूरी प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग करेंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे किसी भी प्रकार की शिकायत या विवाद की स्थिति में साक्ष्य उपलब्ध रहेंगे और परीक्षा की निष्पक्षता बनी रहेगी।
दो शिफ्टों में होगी परीक्षा, अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचने की अपीलRPSC सेकेंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा अधिकांश दिनों में दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। हालांकि 15 जुलाई को परीक्षा केवल एक ही शिफ्ट में होगी, जिसका समय सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम-से-कम दो घंटे पहले पहुंचें, ताकि पहचान सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, पारदर्शी और पूरी तरह नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।