जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में राजस्थान सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के मार्गदर्शन में राज्य के विभिन्न नगरीय निकायों में 24,752 संविदा सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। सरकार का मानना है कि इस भर्ती से शहरी क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था मजबूत होगी, नगर निकायों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और स्वच्छ, स्वस्थ एवं व्यवस्थित शहरों के निर्माण के लक्ष्य को नई गति मिलेगी।
15 अगस्त से शुरू होगी आवेदन प्रक्रियास्वायत्त शासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 15 अगस्त से 28 सितंबर रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विभाग ने भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी, निकायवार रिक्त पदों का विवरण, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देश अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इन नियमों के तहत होगी भर्तीयह भर्ती राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 तथा समय-समय पर किए गए संशोधनों के अनुरूप आयोजित की जाएगी। आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का राजस्थान का मूल निवासी होना अनिवार्य होगा। खास बात यह है कि संविदा सफाई कर्मचारी पद के लिए किसी प्रकार की शैक्षणिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है।
आयु सीमा की बात करें तो 1 जनवरी 2027 को अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अन्य आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को राज्य सरकार के नियमानुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
अनुभव होना अनिवार्यइस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार के पास राजस्थान की किसी भी नगरीय निकाय में कम से कम एक वर्ष तक सफाई कार्य करने का अनुभव होना जरूरी होगा। यह अनुभव लगातार एक वर्ष का हो सकता है या अलग-अलग अवधियों को जोड़कर भी पूरा किया जा सकता है।
अनुभव प्रमाण-पत्र निर्धारित प्रारूप में संबंधित नगरीय निकाय या अधिकृत संस्था द्वारा जारी किया गया होना चाहिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल वही अनुभव प्रमाण-पत्र मान्य होंगे, जो 1 अगस्त 2026 के बाद और आवेदन की अंतिम तिथि से पहले जारी किए गए हों। इससे पहले जारी किए गए प्रमाण-पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले अपना जनाधार कार्ड अपडेट कराने की भी सलाह दी गई है।
एक अभ्यर्थी केवल एक ही निकाय में कर सकेगा आवेदन
विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक उम्मीदवार केवल एक नगरीय निकाय के लिए ही आवेदन कर सकेगा। यदि कोई अभ्यर्थी एक से अधिक नगर निकायों में आवेदन करता है, तो उसके सभी आवेदन स्वतः निरस्त कर दिए जाएंगे। इसलिए आवेदन भरते समय अभ्यर्थियों को पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
लॉटरी प्रणाली से होगा चयनसंविदा सफाई कर्मचारियों का चयन राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा विकसित ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से लॉटरी प्रणाली के जरिए किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में सबसे पहले उसी नगरीय निकाय में कम से कम एक वर्ष का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलेगी।
यदि संबंधित निकाय में पर्याप्त पात्र उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होते हैं, तो उसी जिले की अन्य नगरीय निकायों में अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा। इसके बाद भी पद खाली रहने की स्थिति में राज्य के अन्य नगरीय निकायों में अनुभव रखने वाले योग्य उम्मीदवारों को लॉटरी प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
नियमित नियुक्ति का भी मिलेगा अवसरराज्य सरकार ने चयनित संविदा सफाई कर्मचारियों के लिए भविष्य की सेवा सुरक्षा का भी प्रावधान किया है। राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 के तहत संतोषजनक सेवा अवधि पूरी करने के बाद कर्मचारियों के कार्य निष्पादन का मूल्यांकन किया जाएगा। यदि मूल्यांकन संतोषजनक पाया जाता है, तो निर्धारित नियमों के अनुसार उन्हें नियमित नियुक्ति का लाभ भी दिया जा सकेगा।
हाईकोर्ट के आदेशों का भी रखा जाएगा ध्यानस्वायत्त शासन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि राजस्थान हाईकोर्ट द्वारा पूर्व की सफाई कर्मचारी भर्ती से जुड़े मामलों में दिए गए आदेशों का पालन किया जाएगा। जिन मामलों में याचिकाकर्ताओं को भर्ती में प्राथमिकता या नियमितीकरण का लाभ देने के निर्देश दिए गए हैं, उन अभ्यर्थियों को नियमानुसार प्राथमिकता मिलेगी। हालांकि इसके लिए संबंधित उम्मीदवार को उसी नगरीय निकाय में आवेदन करना होगा, जिससे उसका मामला जुड़ा हुआ है।
आवेदन से पहले दस्तावेज जरूर जांच लेंविभाग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करें। साथ ही आवेदन भरने से पहले अपने सभी जरूरी दस्तावेज, जनाधार कार्ड, अनुभव प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक अभिलेखों की वैधता सुनिश्चित कर लें, ताकि आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या दस्तावेज संबंधी समस्या का सामना न करना पड़े।