रेलवे ग्रुप D भर्ती परीक्षा 2025 की तारीख घोषित, जानें कब जारी होंगे एग्जाम सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड

नई दिल्ली: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप D लेवल-1 भर्ती 2025 के तहत 22,195 पदों के लिए आयोजित होने वाली कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। बोर्ड के अनुसार, आरआरबी ग्रुप D भर्ती परीक्षा 3 अगस्त से 21 अगस्त 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। लंबे समय से परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह महत्वपूर्ण अपडेट है।

आरआरबी ने जानकारी दी है कि परीक्षा शहर (Exam City) और परीक्षा तिथि की जानकारी देने वाला लिंक परीक्षा शुरू होने से लगभग 10 दिन पहले सक्रिय किया जाएगा। इसी दौरान अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए फ्री ट्रैवल अथॉरिटी भी उपलब्ध करा दी जाएगी। वहीं, परीक्षा में शामिल होने के लिए आवश्यक ई-कॉल लेटर (Admit Card) उम्मीदवार अपनी निर्धारित परीक्षा तिथि से करीब चार दिन पहले डाउनलोड कर सकेंगे।

गौरतलब है कि इस भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन फरवरी और मार्च 2026 के दौरान आमंत्रित किए गए थे।

आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य

रेलवे भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों का आधार-लिंक्ड बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन किया जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को अपने साथ मूल आधार कार्ड या ई-वेरिफाइड आधार का प्रिंटआउट लेकर आना अनिवार्य होगा।

बोर्ड ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि यदि उन्होंने अभी तक आधार सत्यापन पूरा नहीं किया है तो वे www.rrbapply.gov.in पर लॉग इन कर आधार वेरिफिकेशन की प्रक्रिया जल्द पूरी कर लें। जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन के समय आधार सत्यापित कर दिया था, उन्हें भी परीक्षा से पहले यह सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है कि उनका आधार UIDAI सिस्टम में अनलॉक स्थिति में हो, ताकि परीक्षा केंद्र पर सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

किन पदों पर होगी सबसे ज्यादा भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत सबसे अधिक 11,032 पद ट्रैक मेंटेनर ग्रेड-IV के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा पॉइंट्समैन-बी के 5,053 पद, असिस्टेंट सिग्नल एंड टेलीकॉम के 1,509 पद सहित रेलवे के विभिन्न विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी।

यदि जोनवार बात करें तो आरआरबी प्रयागराज के अंतर्गत कुल 1,183 पदों पर भर्ती होगी, जिनमें से 600 पद ट्रैक मेंटेनर के लिए निर्धारित किए गए हैं।

चयन प्रक्रिया कैसी होगी

उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले सिंगल स्टेज कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) आयोजित होगा। इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) के लिए बुलाया जाएगा।

पीईटी में सफल उम्मीदवारों को इसके बाद दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) और मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा। रेलवे भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस भर्ती में सीबीटी केवल एक ही चरण में आयोजित किया जाएगा।
जानिए CBT परीक्षा का पैटर्न

रेलवे ग्रुप D की लिखित परीक्षा का प्रारूप पहले की तरह ही रखा गया है और इसमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी तथा इसमें कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।

प्रश्नों का विभाजन इस प्रकार होगा—

गणित (Mathematics) – 25 प्रश्न
सामान्य विज्ञान (General Science) – 25 प्रश्न
जनरल इंटेलिजेंस एवं रीजनिंग – 30 प्रश्न
जनरल अवेयरनेस एवं करेंट अफेयर्स – 20 प्रश्न

गलत उत्तर पर कटेंगे अंक

सीबीटी परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए उम्मीदवार के कुल प्राप्त अंकों में से एक-तिहाई (1/3) अंक काटे जाएंगे। इसलिए अभ्यर्थियों को केवल उन्हीं प्रश्नों का उत्तर देने की सलाह दी जाती है, जिनके बारे में वे पूरी तरह आश्वस्त हों।

न्यूनतम क्वालिफाइंग मार्क्स

सीबीटी परीक्षा में विभिन्न वर्गों के लिए न्यूनतम उत्तीर्ण प्रतिशत निर्धारित किया गया है—

UR (सामान्य) – 40%
EWS – 40%
OBC (नॉन-क्रीमी लेयर) – 30%
SC – 30%
ST – 30%

मार्क्स का होगा नॉर्मलाइजेशन

रेलवे भर्ती बोर्ड ने बताया है कि परीक्षा विभिन्न शिफ्टों में आयोजित होने के कारण मार्क्स नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके बाद प्रत्येक जोन में उपलब्ध कुल रिक्तियों के मुकाबले तीन गुना अभ्यर्थियों को पीईटी के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।

किस रेलवे जोन में कितनी वैकेंसी

रेलवे भर्ती बोर्ड ने विभिन्न रेलवे जोनों के लिए रिक्तियों का विस्तृत विवरण भी जारी किया है।

नॉर्दर्न रेलवे (नई दिल्ली) – 3,537 पद (UR-1437, SC-530, ST-266, OBC-956, EWS-348)
वेस्टर्न रेलवे (मुंबई) – 3,148 पद (UR-1160, SC-407, ST-178, OBC-698, EWS-288)
सेंट्रल रेलवे (मुंबई) – 2,012 पद (UR-914, SC-318, ST-171, OBC-407, EWS-202)
नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (गुवाहाटी) – 1,776 पद (UR-718, SC-266, ST-133, OBC-480, EWS-179)
साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे (बिलासपुर) – 1,199 पद (UR-516, SC-184, ST-76, OBC-281, EWS-142)
नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे (गोरखपुर) – 1,196 पद (UR-537, SC-178, ST-109, OBC-271, EWS-101)
नॉर्थ सेंट्रल रेलवे (प्रयागराज) – 1,183 पद (UR-570, SC-156, ST-89, OBC-271, EWS-97)
ईस्टर्न रेलवे/मेट्रो (कोलकाता) – 1,180 पद (UR-468, SC-157, ST-129, OBC-297, EWS-129)
वेस्ट सेंट्रल रेलवे (जबलपुर) – 1,147 पद (UR-581, SC-174, ST-89, OBC-157, EWS-145)
सदर्न रेलवे (चेन्नई) – 1,036 पद (UR-430, SC-155, ST-96, OBC-247, EWS-108)
साउथ सेंट्रल रेलवे (सिकंदराबाद) – 1,016 पद (UR-376, SC-151, ST-130, OBC-258, EWS-101)
ईस्ट सेंट्रल रेलवे (हाजीपुर) – 976 पद (UR-405, SC-148, ST-59, OBC-266, EWS-98)
नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे (जयपुर) – 974 पद (UR-483, SC-152, ST-48, OBC-188, EWS-104)
साउथ ईस्टर्न रेलवे (कोलकाता) – 955 पद (UR-364, SC-158, ST-84, OBC-245, EWS-104)
ईस्ट कोस्ट रेलवे (भुवनेश्वर) – 803 पद (UR-329, SC-120, ST-57, OBC-206, EWS-91)
साउथ वेस्टर्न रेलवे (हुबली) – 90 पद (UR-51, SC-14, ST-8, OBC-14, EWS-6)

इस भर्ती के माध्यम से भारतीय रेलवे देशभर के विभिन्न जोनों में हजारों रिक्त पदों को भरेगा, जिसके लिए लाखों उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होंगे।