सरकारी नौकरी का बड़ा मौका! MP में ग्रुप-3 के 1700 पदों पर भर्ती, 12 सितंबर तक करें आवेदन

मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने ग्रुप-3 भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के जरिए सब इंजीनियर, सहायक मानचित्रकार, टेक्नीशियन समेत अलग-अलग पदों पर कुल 1700 नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 12 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन की प्रक्रिया 29 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार एमपीईएसबी की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in के जरिए अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने और फॉर्म में जरूरी सुधार करने की सुविधा भी 12 सितंबर तक उपलब्ध रहेगी।

किस वर्ग के लिए कितने पद?

ग्रुप-3 भर्ती में अलग-अलग श्रेणियों के लिए पदों का बंटवारा किया गया है। कुल 1700 पदों में 628 पद सामान्य वर्ग, 146 ईडब्ल्यूएस, 426 ओबीसी, 246 एससी और 254 एसटी वर्ग के लिए निर्धारित हैं। इन पदों पर मध्य प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थानों में नियुक्तियां की जाएंगी।

उम्र और योग्यता क्या होनी चाहिए?

इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।

मध्य प्रदेश के पात्र उम्मीदवारों के साथ एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी। सरकारी संस्थाओं के कर्मचारी, होमगार्ड, दिव्यांग और महिला उम्मीदवार भी निर्धारित नियमों के तहत उम्र में छूट का लाभ ले सकेंगे।

शैक्षणिक योग्यता पद के हिसाब से अलग-अलग रखी गई है। संबंधित पद के लिए उम्मीदवार के पास आईटीआई, डिप्लोमा या डिग्री में से निर्धारित योग्यता होनी चाहिए।
आवेदन की आखिरी तारीख 12 सितंबर

MPESB ग्रुप-3 भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 12 सितंबर 2026 है। उम्मीदवार इसी तारीख तक आवेदन शुल्क भी जमा कर सकेंगे। आवेदन में किसी गलती को सुधारने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग और दूसरे राज्यों के उम्मीदवारों के लिए फीस 560 रुपये निर्धारित की गई है। वहीं ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को 310 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।

7 अक्टूबर से होगी परीक्षा

भर्ती परीक्षा 7 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट यानी CBT के रूप में आयोजित की जाएगी। इसके लिए भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रतलाम, रीवा, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पारी सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी। उम्मीदवारों को अपने एडमिट कार्ड पर दिए गए रिपोर्टिंग समय के मुताबिक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।

ऐसे भरें ऑनलाइन फॉर्म

उम्मीदवार आवेदन करने के लिए सबसे पहले एमपीईएसबी की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाएं। इसके बाद ग्रुप-3 भर्ती से जुड़े नोटिफिकेशन या आवेदन लिंक को खोलें। मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।

इसके बाद निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट करें। आवेदन पूरा होने के बाद कंफर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रख लेना जरूरी होगा।