BSSC : भरे जाएंगे 1481 पद, उम्मीदवारों के लिए इस दिन से खुलेगी आवेदन विंडो, देखें पूरी डिटेल

बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) की ओर से चतुर्थ स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के लिए विज्ञापन जारी किया गया है। कुल 1481 उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी। आवेदन के लिए 18 अगस्त से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते है। परीक्षा शुल्क भुगतान करने की लास्ट डेट 17 सितंबर और आवेदन की अंतिम तिथि 19 सितंबर निर्धारित की गई है। आवेदन के लिए आधिकारिक वेबासइट bssc.bihar.gov.in पर जाना होगा। आयोग की ओर से सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, योजना सहायक, कनीय सांख्यिकी सहायक, डाटा एंट्री ऑपरेटर ग्रेड-C, अंकेक्षण के पदों पर भर्ती होगी।

ये है शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

इस प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों ने भारत के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से गणित अथवा अर्थशास्त्र, वाणिज्य आदि विषय से स्नातक किया हुआ हो। न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है। अधिकतम आयु पदानुसार तय की गई है। सामान्य वर्ग के लिए यह 37 वर्ष, ओबीसी पुरुष व महिला व सामान्य महिला वर्ग के लिए 40 वर्ष और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए 42 वर्ष रखी गई है।

ये है आवेदन शुल्क

सामान्य व ओबीसी उम्मीदवारों को परीक्षा शुल्क के रूप में 540 रुपए का भुगतान करना होगा। बिहार राज्य के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, सभी श्रेणी के दिव्यांग और सभी श्रेणी की महिलाओं के लिए परीक्षा शुल्क 135 रुपए तय किया गया है।

ऐसे होगा चयन

उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा व मुख्य परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य अध्ययन, सामान्य विज्ञान एवं गणित और मानसिक क्षमता जांच विषय से बहुविकल्पीय प्रकार के 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटा 15 मिनट है। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक मिलेंगे, जबकि हर गलत उत्तर के लिए 1 अंक कटेंगे। सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।

ऐसे करें आवेदन

- आयोग की आधिकारिक वेबसाइटbssc.bihar.gov.inपर जाएं।
- होम पेज पर दिए गए सीजीएल 2025 अप्लाई लिंक पर क्लिक करें।
- मांगी गई डिटेल को दर्ज कर रजिस्ट्रेशन करें।
- फॉर्म भरें और आवश्यक डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें।
- फीस जमा करें और सबमिट करें।